कांगो में ISIS के विद्रोहियों का हमला! 22 लोगों की हत्या, 10 से ज्यादा का अपहरण; घरों और मोटरसाइकिलों को लगाई आग

कांगो के पूर्वी इतुरी प्रांत में ISIS से जुड़े विद्रोही संगठन ADF ने एक बार फिर आम नागरिकों को निशाना बनाया है। पिछले दो दिनों में युगांडा की सीमा के पास स्थित कई गांवों में किए गए हमलों में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोगों का अपहरण कर लिया गया। हमलावरों ने घरों और मोटरसाइकिलों को भी आग के हवाले कर दिया। लगातार हो रहे हमलों से इलाके में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि इस हिंसा के कारण पहले से इबोला संक्रमण से जूझ रहे इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं और राहत कार्यों पर भी संकट बढ़ सकता है।
मंबासा इलाके के 8 स्थानों पर किया हमला
नागरिक संगठनों और मानवाधिकारों पर नजर रखने वाले दो समूहों के अनुसार, हमले पूर्वी कांगो के इतुरी प्रांत के मंबासा इलाके में किए गए। विद्रोहियों ने एक या दो नहीं, बल्कि 8 अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया। इन सभी इलाकों की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि वहां पहुंचना काफी मुश्किल है। ये गांव युगांडा की सीमा के नजदीक स्थित हैं। हमलों के पीछे एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (ADF) का हाथ बताया गया है। यह विद्रोही संगठन लंबे समय से कांगो के पूर्वी हिस्से में सक्रिय है और पहले भी कई बार आम नागरिकों पर हमले कर चुका है।
घरों और मोटरसाइकिलों को लगाई आग
हमले के दौरान विद्रोहियों ने सिर्फ लोगों की जान ही नहीं ली, बल्कि गांवों में जमकर तबाही भी मचाई। मंबासा क्षेत्र में नागरिक समाज संगठन की समन्वयक मैरी-नोएल अनातोबे ने बताया कि 22 नागरिकों की मौत के अलावा कई लोगों का अपहरण किया गया है। हमलावरों ने घरों और मोटरसाइकिलों को भी आग लगा दी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों हैं। लोगों के सामने सबसे बड़ी चिंता अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर है।
प्रशासन ने क्या कहा?
लगातार हो रहे विद्रोही हमलों के बीच स्थानीय प्रशासन का कहना है कि सेना हालात को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मंबासा के डिप्टी एडमिनिस्ट्रेटर कर्नल मैक्सिमे तिशिशिम्बी ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद समस्या का समाधान निकालने के लिए कार्रवाई जारी है। हालांकि, स्थानीय नागरिक लंबे समय से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे हैं। उनका आरोप है कि जब विद्रोही गांवों पर हमला करते हैं, तब कई बार सुरक्षा बल मौके पर मौजूद नहीं होते।
क्या है ADF संगठन, कैसे बना ISIS का सहयोगी?
एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज यानी ADF की शुरुआत युगांडा में हुई थी। बाद में सैन्य कार्रवाई के दबाव में संगठन ने कांगो के सीमावर्ती इलाकों में अपना ठिकाना बना लिया। पिछले कई वर्षों से यह संगठन कांगो के पूर्वी हिस्से में सक्रिय है। इसका नाम आम नागरिकों पर होने वाले कई घातक हमलों से जुड़ता रहा है। साल 2019 में ADF ने इस्लामिक स्टेट (ISIS) के प्रति अपनी निष्ठा जताई थी। इसके बाद इस संगठन को ISIS से जुड़े मध्य अफ्रीकी नेटवर्क के तौर पर देखा जाने लगा। ADF की गतिविधियों को रोकने के लिए कांगो और युगांडा की सेनाएं संयुक्त सैन्य अभियान भी चला चुकी हैं। इसके बावजूद संगठन की गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम नहीं लग सकी है।
नाइजीरिया में भी हुआ था बड़ा नरसंहार
अफ्रीका में लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने सुरक्षा हालात को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कांगो की घटना से कुछ दिन पहले नाइजीरिया में भी बंदूकधारियों ने बड़ा हमला किया था। इस हमले में 62 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हिंसा के डर से हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े थे।



















