सीने में उठा दर्द, इंदौर में उतरा विमान! उज्बेकिस्तान की महिला यात्री के लिए हुई मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग

इंदौर। दिल्ली से हैदराबाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक उज्बेकिस्तान की महिला यात्री ने अचानक सीने में दर्द की शिकायत की। तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही पायलट ने विमान को इंदौर डायवर्ट करने का फैसला लिया। विमान की इंदौर एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और यात्री को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-1706 दिल्ली से हैदराबाद जा रही थी। विमान में उज्बेकिस्तान की 26 वर्षीय महिला यात्री इरोदाखोन पिता गुलोमजोन किजी उक्टामोवा भी सवार थीं। उड़ान के दौरान अचानक उनके सीने में दर्द होने लगा। उन्होंने इसकी जानकारी फ्लाइट स्टाफ को दी। स्टाफ ने तत्काल पायलट को इसकी सूचना दी।
ये भी पढ़ें: उड़ान भरते ही बिगड़ी स्थिति! भोपाल-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
पायलट ने तुरंत लिया डायवर्ट करने का फैसला
यात्री की तबीयत को देखते हुए पायलट ने नजदीकी एयरपोर्ट इंदौर होने के कारण रात करीब 11.55 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी देते हुए विमान को इंदौर डायवर्ट करने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान को इंदौर के लिए डायवर्ट कर दिया गया।मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलते ही इंदौर एयरपोर्ट पर भी तैयारियां शुरू कर दी गईं। एयरपोर्ट के एमआई रूम के डॉक्टर, फायर कंट्रोल और सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया।
ये भी पढ़ें: बम की धमकी... इंडिगो फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग, लखनऊ से सऊदी जा रहा था विमान
रात 12.10 बजे इंदौर पहुंचा विमान
फ्लाइट रात करीब 12.10 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरी। एमआई रूम के डॉक्टर ने विमान के अंदर ही महिला यात्री की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद डॉक्टर की सलाह पर यात्री को विमान से उतारा गया और फायर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी बांठिया अस्पताल भेजा गया।महिला यात्री को अस्पताल भेजने के बाद विमान करीब 1.08 बजे दोबारा हैदराबाद के लिए रवाना हो गया। फ्लाइट में कुल 56 यात्री सवार थे।
ये भी पढ़ें: दुबई-जयपुर फ्लाइट में यात्री ने मचाया हंगामा, इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश से मचा हड़कंप
उपचार के बाद एयरपोर्ट लौटी महिला
बांठिया अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, महिला यात्री को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। डॉक्टरों ने उनके परिवार से भी संपर्क किया। यात्री के पास पहले से कुछ दवाइयां भी मौजूद थीं।तबीयत में सुधार होने के बाद महिला यात्री ने वापस एयरपोर्ट जाने की इच्छा जताई। वह रात करीब 3 बजे एयरपोर्ट लौट गईं। इसके बाद गुरुवार सुबह की फ्लाइट से वह हैदराबाद के लिए रवाना हुईं।




















