IND vs PAK: वैभव को आउट करने वाला गेंदबाज फिर बना भारत की मुसीबत, कप्तान को किया बोल्ड

अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले की शुरुआत टीम इंडिया के लिए बेहद खराब रही, पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा ने मैच की दूसरी ही गेंद पर भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी को बोल्ड कर दिया, खास बात यह है कि अली रजा वही गेंदबाज हैं, जिन्होंने पिछले अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी को भी आउट किया था. उस मुकाबले में वैभव और अली रजा के बीच मैदान पर बहस भी देखने को मिली थी। भारत को इस बड़े मुकाबले में अपने कप्तान से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन अली रजा ने दूसरी ही गेंद पर उनका विकेट लेकर टीम इंडिया को बड़ा झटका दे दिया. लक्ष्य शानदार फॉर्म में चल रहे थे और पिछले मुकाबले में उन्होंने नाबाद अर्धशतक भी लगाया था. ऐसे में उनका जल्दी आउट होना भारतीय टीम के लिए परेशानी बन गया।
अली रजा ने अपनी गेंदबाजी से भारतीय कप्तान को फंसाया
अली रजा ने लक्ष्य रायचंदानी को आउट करने के लिए शानदार गेंदबाजी की रणनीति अपनाई. उन्होंने पहली गेंद शॉर्ट ऑफ गुड लेंथ पर डाली, जो बल्लेबाज से दूर की तरफ निकली. इसके बाद दूसरी गेंद भी उन्होंने लगभग उसी जगह पर डाली, लेकिन इस बार गेंद बाहर जाने के बजाय अंदर की तरफ आ गई। लक्ष्य को लगा कि दूसरी गेंद भी पहली की तरह बाहर निकलेगी. इसी वजह से वह गेंद की दिशा को सही तरीके से समझ नहीं पाए. गेंद सीधे उनके स्टंप्स से जा टकराई और भारतीय कप्तान को पवेलियन लौटना पड़ा। अली रजा की इस गेंद ने दिखा दिया कि वह बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी से किस तरह परेशान कर सकते हैं. महज दो गेंदों में उन्होंने भारतीय टीम को बड़ा झटका दे दिया।
वैभव सूर्यवंशी को भी आउट कर चुके हैं अली रजा
अली रजा और भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की टक्कर कोई नई नहीं है. पिछले अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भी पाकिस्तान के इस तेज गेंदबाज ने वैभव का विकेट लिया था। उस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे. वह पाकिस्तानी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बना रहे थे. लेकिन अली रजा की गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे थे। वैभव ने उस मैच में 26 रन बनाए थे। उनके आउट होने के बाद भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ गई थीं और आखिरकार टीम इंडिया को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. उस मुकाबले में अली रजा और समीर मिन्हास ने पाकिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। यही वजह है कि अली रजा का नाम भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाफ एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
तीसरी बार अंडर-19 एशिया कप खेल रहे हैं अली रजा
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा अंडर-19 क्रिकेट में काफी अनुभवी खिलाड़ी माने जाते हैं. वह तीसरी बार अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. कम उम्र में ही उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से अलग पहचान बनाई है। अली रजा की गेंदों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा बताई जाती है. उनकी तेज गेंदबाजी के साथ गेंद को दोनों तरफ घुमाने की क्षमता भी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बनती है.
PSL में पेशावर जाल्मी के लिए खेलते हैं अली रजा
अली रजा सिर्फ अंडर-19 क्रिकेट तक सीमित नहीं हैं. वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में पेशावर जाल्मी की टीम का हिस्सा हैं. इसके अलावा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वह रावलपिंडी की तरफ से खेलते हैं। उनके फर्स्ट क्लास क्रिकेट के आंकड़े भी काफी अच्छे हैं. 8 फर्स्ट क्लास मैचों में अली रजा अब तक 34 विकेट हासिल कर चुके हैं. इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कम उम्र में ही पाकिस्तान क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत कर रहे हैं। भारत-पाकिस्तान के इस अंडर-19 मुकाबले में अली रजा ने दूसरी गेंद पर विकेट लेकर एक बार फिर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया. अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय बल्लेबाज उनके खिलाफ किस तरह वापसी करते हैं।




















