दुबई-जयपुर फ्लाइट में यात्री ने मचाया हंगामा, इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश से मचा हड़कंप

दुबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि यात्री ने उड़ान के दौरान विमान का इमरजेंसी एग्जिट डोर खोलने की कोशिश की। क्रू मेंबर की सतर्कता के चलते यात्री को समय रहते रोक लिया गया और विमान को सुरक्षित जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। लैंडिंग के बाद संबंधित यात्री को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
मिड-एयर इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक घटना एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-196 में हुई। यह विमान सोमवार रात करीब 3:12 बजे दुबई से जयपुर के लिए रवाना हुआ था और मंगलवार सुबह करीब 8:02 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा। उड़ान के दौरान यात्री बाबूलाल अचानक हंगामा करने लगा। इसी दौरान उसने विमान के इमरजेंसी एग्जिट डोर को खोलने का प्रयास किया। विमान में मौजूद क्रू मेंबर ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उसे रोक लिया। क्रू की तत्परता के कारण यात्री इमरजेंसी गेट खोलने में सफल नहीं हो सका। इसके बाद विमान ने सामान्य प्रक्रिया के तहत जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा
विमान के जयपुर पहुंचने के बाद संबंधित यात्री को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। एजेंसियां यात्री से पूछताछ कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर उसने उड़ान के दौरान इस तरह की हरकत क्यों की। मामले में यात्री की मानसिक स्थिति, उसकी मंशा और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। हालांकि फिलहाल उसकी इस हरकत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली से लखनऊ आ रही फ्लाइट की लैंडिंग टली, राहुल गांधी भी थे सवार
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट
घटना के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई। सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। फिलहाल यात्री के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।




















