PlayBreaking News

रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा : अलकनंदा नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 1 की मौत; तेज बहाव में बह गए कई यात्री

Follow on Google News
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा : अलकनंदा नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 1 की मौत; तेज बहाव में बह गए कई यात्री

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। बद्रीनाथ हाईवे पर घोलतीर के पास एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 7 यात्री घायल हुए हैं। वहीं करीब 10 लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

बस में सवार थे 18 लोग

बस में कुल 18 यात्री सवार थे। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एक यात्री की मौत हो चुकी है और सात को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल), पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है।

बारिश से अलकनंदा का बहाव तेज

घटना के समय भारी बारिश के चलते अलकनंदा नदी का बहाव बेहद तेज था। इससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतें आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, हादसे के दौरान 4-5 यात्री बस से छिटककर बाहर गिर गए थे और वे पहाड़ी की खाई में फंस गए हैं। इन लोगों को भी सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन की अपील- अफवाहों से बचें

पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता आईजी नीलेश आनंद भरणे ने कहा कि बस अनियंत्रित होकर नदी में गिरी है, और सभी एजेंसियां पूरी ताकत से बचाव कार्य में लगी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक सूचना को न फैलाएं।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने जानकारी दी कि रेस्क्यू ऑपरेशन सीनियर अधिकारियों की निगरानी में संचालित किया जा रहा है। मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी और SDRF की टीम तैनात है। स्थानीय लोग भी राहत कार्यों में मदद कर रहे हैं।

पहाड़ियों में बारिश और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा

उत्तराखंड में मानसून के दौरान सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल के दिनों में कई स्थानों पर लैंडस्लाइड, सड़क धंसने और पानी के तेज बहाव से जुड़े हादसे सामने आए हैं। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts