जबलपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट से 2 युवकों की मौत, 8 झुलसे

जबलपुर। हादसा रात करीब एक बजे उस समय हुआ, जब दुर्गा प्रतिमा को नरीली तालाब में विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। बिजली का तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिरने से करंट फैल गया, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया। मामले में क्षेत्र के जेई एमएम विश्वकर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विसर्जन जुलूस के दौरान हुआ हादसा
जबलपुर के मझौली थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सिविल लाइन पाठ की दुर्गा प्रतिमा को नरीली तालाब में विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। जुलूस में 50 से अधिक लोग शामिल थे, तभी रास्ते में बिजली के तार की चपेट में आने से हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें: कटनी में सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत, दशहरा मेला देखने जा रहे थे तीनों
तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिरा
रास्ते में झूल रहे 440 वोल्ट के तार को बांस से ऊपर उठाने के दौरान वह ट्रॉली में लगे बिजली के पोल से टकरा गया। इसके बाद तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर पड़ा और करंट फैल गया, जिससे विकास राजपूत (22) और प्रिंस चौहान (23) की मौके पर ही मौत हो गई।
आठ लोग करंट से झुलसे, एक वेंटिलेटर पर
हादसे में आठ लोग करंट से झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। घटना के बाद घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके।
कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम
हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने मझौली में चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा, वहीं विधायक अजय बिश्नोई ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा की।
जेई के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी
विधायक अजय बिश्नोई ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। मझौली थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया के अनुसार, क्षेत्र के जेई एमएम विश्वकर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और घायलों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















