Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नशामुक्ति का संदेश लेकर सीहोर पहुंची बाइक रैली, 14 राज्यों के 146 राइडर्स ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं को बचाने और देश की एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकली राष्ट्रव्यापी बाइक रैली गुरुवार को सीहोर पहुंची। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के अंतर्गत चल रहे 'फाइट अगेंस्ट ड्रग्स-नशे से दूरी है जरूरी' अभियान में 14 राज्यों के 146 राइडर्स शामिल हुए।
नशामुक्ति का संदेश लेकर सीहोर पहुंची बाइक रैली

सीहोर। सीहोर पुलिस और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) के संयुक्त आयोजन में जवानों ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके बाद बाइकर्स प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वरधाम पहुंचे, जहां अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने इस पहल की सराहना की।

नशे के खिलाफ देशव्यापी अभियान

गृह मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों और केंद्रीय नोडल एजेंसी CRPF के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के तहत यह राष्ट्रव्यापी बाइक रैली निकाली जा रही है। अभियान का उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश मजबूत करना है। देशभर में चार जोन में संचालित इस अभियान के तहत मध्य प्रदेश से गुजरने वाले जोन-02 (सेंट्रल) के 78 और जोन-04 (नॉर्थ-ईस्ट) के 68 सदस्य सीहोर पहुंचे। कुल 146 राइडर्स ने इस मुहिम में भाग लेकर नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूती दी।

ये भी पढ़ें: सीहोर में 44 करोड़ से बनेगी 4 किमी लंबी फोरलेन सड़क, इंदौर नाके से स्टेशन ब्रिज तक होगा निर्माण

टोल नाके से NIMHR तक पुलिस का एस्कॉर्ट

सीहोर पुलिस ने रैली में शामिल सभी राइडर्स को टोल नाके से सुरक्षा व्यवस्था के बीच एस्कॉर्ट करते हुए राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) परिसर पहुंचाया। यहां संस्थान के छात्र-छात्राओं ने करतल ध्वनि और पुष्पवर्षा के साथ जवानों का स्वागत किया। कार्यक्रम में 14 राज्यों से आए टीम लीडर्स को मंचासीन अतिथियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज, परिवारों और शैक्षणिक संस्थानों की भी साझा जवाबदेही है।

ASP प्रशांत चौबे का दो टूक संदेश-नशामुक्ति भी देशभक्ति

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने छात्र-छात्राओं और बाइक रैली में शामिल जवानों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति भी देशभक्ति है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। इससे निपटने के लिए रोकथाम के साथ पीड़ितों को उपचार और पुनर्वास उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने NIMHR जैसे संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस नशे को रोकने की दिशा में काम करती है, जबकि मानसिक स्वास्थ्य और पुनर्वास से जुड़े संस्थान नशे से प्रभावित लोगों को समाज की मुख्यधारा में लौटने में मदद कर सकते हैं। दोनों के समन्वित प्रयासों से नशामुक्त और एकजुट भारत का संकल्प मजबूत हो सकता है।

Breaking News

कुबेरेश्वरधाम पहुंचे जवान, पंडित प्रदीप मिश्रा ने की सराहना

NIMHR में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके बाद रैली में शामिल जवान प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम पहुंचे और अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पंडित मिश्रा ने नशामुक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को लेकर निकाली जा रही इस यात्रा की सराहना की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने के लिए ऐसे जागरूकता प्रयासों को जरूरी बताया। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला ने जवानों को आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। धाम पहुंचे राइडर्स ने कथा स्थल और वर्षभर निशुल्क संचालित रुद्राक्ष वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। समिति की ओर से उन्हें रुद्राक्ष भेंट किए गए। जवानों ने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भोजन-प्रसादी भी ग्रहण की।

2029 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य

कुबेरेश्वरधाम में पंडित प्रदीप मिश्रा ने वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सुरक्षा बलों के प्रयासों को सराहनीय बताया। रैली में शामिल जवानों ने भी समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

ये भी पढ़ें: सीहोर में मवेशियों की मौत से हड़कंप: पुलिस लाइन के सामने 8 भेड़ें मरीं, दूषित पानी की आशंका से जांच तेज

पुलिस और संस्थान के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में NIMHR के निदेशक डॉ. अखिलेश कुमार शुक्ला ने अतिथियों, पुलिस विभाग और 14 राज्यों से आए 146 राइडर्स का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अंकित चौधरी, डॉ. नित्यानंदा एस., डॉ. प्रियंका लेनका, राम कुमार नागर, आशीष सिंघी और अनिल कुमार रावत सहित संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग की ओर से नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा, रक्षित निरीक्षक उपेन्द्र यादव, कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे, मंडी थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान, यातायात थाना प्रभारी बृजमोहन धाकड़, रक्षित निरीक्षक रितेश वाघेला, सूबेदार प्राची राजपूत और उपनिरीक्षक राहुल श्रीवास्तव मौजूद रहे। कुबेरेश्वरधाम के भ्रमण के बाद रैली इंदौर के अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। इस अभियान का मूल संदेश स्पष्ट रहा। नशे से दूरी, युवाओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts