Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अखिलेश यादव की आजम खान से रामपुर जेल में मुलाकात, बोले- उनके परिवार के साथ हुआ सबसे ज्यादा अन्याय

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात कर उनके परिवार के खिलाफ कथित अन्याय का मुद्दा उठाया। उन्होंने भ्रष्ट अधिकारियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराने का आरोप लगाया और आजम खान की यूनिवर्सिटी का सपना पूरा करने का भरोसा दिया। अखिलेश ने भाजपा पर आस्था से खिलवाड़ करने और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर भी निशाना साधा।
अखिलेश यादव की आजम खान से रामपुर जेल में मुलाकात, बोले- उनके परिवार के साथ हुआ सबसे ज्यादा अन्याय
फाइल फोटो

रामपुर (उप्र)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को वरिष्ठ नेता आजम खान से मिलने रामपुर जेल पहुंचे। मुलाकात के बाद अखिलेश ने आजम खान और उनके परिवार के साथ हुए कथित अन्याय का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम खान के परिवार ने जितना अन्याय झेला है, उतना किसी दूसरे राजनीतिक परिवार के साथ नहीं हुआ होगा।

सच्चाई सामने आएगी तो देना होगा जवाब 

आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने बताया कि दोनों के बीच काफी लंबी बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि सच्चाई कभी न कभी सामने जरूर आएगी। जब ऐसा होगा, तब जिम्मेदार लोगों को समाज, देश और कानून के सामने जवाब देना पड़ेगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारी फर्जी मुकदमे दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रामपुर की भावनाओं को चोट पहुंचाई गई है और यहां रामराज्य की भावना को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उनके मुताबिक, आजम खान सामाजिक न्याय की दिशा में काम करते रहे हैं।

आजम खान की यूनिवर्सिटी का सपना पूरा करेंगे 

अखिलेश यादव ने आजम खान के राजनीतिक और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा, “आजम थे, आजम हैं, आजम रहेंगे।” उन्होंने कहा कि आजम खान ने यूनिवर्सिटी का जो सपना देखा था, समाजवादी पार्टी उसे पूरा करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले आजम खान के नाम पर मोर्चा बनाने वाले कुछ लोग अब उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव का SSR पर तंज, बोले- इसका उल्टा RSS; चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

भाजपा पर आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ का आरोप 

अखिलेश यादव ने भाजपा पर धार्मिक आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई रामधन की चोरी कर सकता है? धार्मिक शब्दों से जुड़े सवालों पर उन्होंने विस्तार से चर्चा करने से परहेज किया। आजम खान के समर्थन और रामपुर की जनता का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि वह प्रदेश और यहां के लोगों की भावनाओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता भाजपा को सबक सिखाने जा रही है।

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर भी उठाए सवाल 

वोटर लिस्ट में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गड़बड़ी करने वालों की पोल खुल रही है और वे अलग-अलग जगहों पर पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने 100 विधानसभा सीटों की सूची सौंपने का जिक्र किया। साथ ही कहा कि पीलीभीत की सूची उस समय नहीं दी गई थी। अखिलेश ने सवाल उठाया कि इस प्रक्रिया में कितने लाख लोगों के नाम सामने आए हैं। उनके इन बयानों से स्पष्ट है कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आजम खान के मुद्दे के साथ-साथ मतदाता सूची की कथित गड़बड़ियों को भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बना रही है। 

ये भी पढ़ें: रायबरेली में अखिलेश की रथ यात्रा, बुलडोजर से हुआ स्वागत, सड़क पर जुटे कार्यकर्ता, शुरू हुआ 2027 का सियासी सफर

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts