वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आगाज, राफेल-सुखोई की कलाबाजी; गंगा के ऊपर बना तिरंगा

वाराणसी। काशी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर गुरुवार को ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का पहला दिन आयोजित किया गया। सुबह 11:50 बजे नमो घाट के ऊपर आसमान में सेना के सारंग हेलिकॉप्टरों ने गंगा के ऊपर तिरंगे की आकृति बनाई। वहीं राफेल और सुखोई लड़ाकू विमानों ने हवा में हैरतअंगेज कलाबाजियां दिखाकर लोगों का ध्यान खींचा। इस एयर शो में कुल 100 विमानों ने हिस्सा लिया जिनमें 52 लड़ाकू विमान शामिल रहे।
गंगा के ऊपर सारंग हेलिकॉप्टरों ने बनाया तिरंगा और दिल
एयर शो के दौरान सारंग हेलिकॉप्टरों ने गंगा के ऊपर शानदार फॉर्मेशन बनाकर तिरंगे की आकृति बनाई। इसके बाद हेलिकॉप्टरों ने आसमान में दिल का आकार बनाया। एक हेलिकॉप्टर से गंगा के ऊपर फूलों की बारिश भी की गई। चिनूक हेलिकॉप्टर ने गंगा के पानी को छूते हुए उड़ान भरी और फिर दोबारा आसमान में ऊंचाई हासिल की। इन करतबों ने एयर शो को खास बना दिया।
राफेल, सुखोई और तेजस ने दिखाए हवाई करतब
एयर शो में भारतीय वायुसेना के प्रमुख लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत और उड़ान कौशल का प्रदर्शन किया। राफेल और सुखोई विमानों ने हवा में कलाबाजियां दिखाईं। वहीं जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 ने तीर की नोक जैसी आकृति में उड़ान भरी। लड़ाकू विमानों की तेज रफ्तार और सटीक फॉर्मेशन ने आसमान में रोमांचक नजारा पेश किया। एयर शो के जरिए वायुसेना ने अपनी परिचालन क्षमता और हवाई कौशल का प्रदर्शन किया।
100 विमानों ने लिया हिस्सा
‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में कुल 100 विमान शामिल हुए। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और विंटेज विमान शामिल रहे। ये विमान देशभर के 12 एयरपोर्ट से उड़ान भरकर वाराणसी पहुंचे। नमो घाट को वीवीआईपी मेहमानों के लिए आरक्षित रखा गया। एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का अनुमान है। आयोजन के दौरान गंगा और काशी के आसमान में विमानों की गतिविधियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
22, 23 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो
भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित इस एयर शो को ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम दिया गया है। यह कार्यक्रम 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में करीब 20 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान जताया गया है।




















