'गर्लफ्रेंड बनाने में बुराई नहीं, मगर शादी का वादा निभाना जरूरी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को दी सलाह

लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से पहले अपने पैरों पर खड़े होने और परिवार की जिम्मेदारी उठाने के योग्य बनने की अपील की। उन्होंने कम उम्र में लड़कियों को मां बनाकर छोड़ देने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए युवाओं को अपने फैसलों के प्रति जिम्मेदार रहने की सलाह दी। साथ ही अच्छे विचारों, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के ज्ञान और मेहनत का सही उपयोग विकसित भारत के निर्माण में होना चाहिए।
'गर्लफ्रेंड बनाने में बुराई नहीं, शादी का वादा निभाना जरूरी'
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ स्थित महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सातवें दीक्षांत समारोह में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गर्लफ्रेंड बनाने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन अगर शादी का वादा किया है तो उसे निभाना भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से कहा कि पहले अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए, ताकि वे अपने परिवार की जिम्मेदारी उठा सकें। उन्होंने रिश्तों में जिम्मेदारी और अपने फैसलों के प्रति गंभीर रहने की जरूरत पर जोर दिया।
ये भी पढ़ें: एशियन पैरा गेम्स में यूपी की बेटी ने जीता सिल्वर, सीएम योगी ने दी बधाई
कम उम्र में मां बनाकर छोड़ने की प्रवृत्ति पर उठाए सवाल
राज्यपाल ने कम उम्र में लड़कियों को मां बनाकर छोड़ देने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 13-14 साल की उम्र में किसी लड़की को मां बनाकर छोड़ देना सही नहीं है। युवाओं को अपने फैसलों के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए और उनके परिणामों को भी समझना चाहिए। उन्होंने समाज में गलत गतिविधियों को रोकने के लिए युवाओं से आगे आने और अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
अच्छे विचारों को अपनाएं युवा-आनंदीबेन पटेल
संबोधन में राज्यपाल ने युवाओं से गलत कामों में हिस्सा नहीं लेने और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अच्छे लोगों के साथ रहना चाहिए और अच्छे विचारों के महत्व को समझना चाहिए। उन्होंने पानी का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उसमें लगातार गंदगी डाली जाएगी तो वह दूषित हो जाएगा, लेकिन उसे साफ रखने का प्रयास किया जाए तो पानी शुद्ध बना रहेगा। इसी तरह समाज में अच्छे विचारों और सही ज्ञान को बढ़ावा देना जरूरी है।
शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण से गरीब परिवारों के बच्चों को मिले अवसर
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार की कई योजनाएं हैं। युवाओं के ज्ञान और मेहनत का सही इस्तेमाल करना जरूरी है, ताकि देश को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए केवल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के अवसर भी उपलब्ध कराने होंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
AI और आधुनिक तकनीक से आत्मनिर्भर भारत बनाने की अपील
राज्यपाल ने युवाओं से डेटा जुटाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए नए अवसर तलाशे जा सकते हैं और युवाओं को इनका सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने ज्ञान और मेहनत को देश की तरक्की से जोड़ने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल देश को आत्मनिर्भर बनाने और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए करना चाहिए।




















