पिता NDA से राज्यसभा सांसद, बेटे को सपा ने बनाया उम्मीदवार; कौन हैं धनराज परिमल नथवानी?

सपा ने यूपी की राज्यसभा सीटों के लिए रामगोपाल यादव के साथ धनराज परिमल नथवानी को प्रत्याशी बनाया है। नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। वे पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है।
सपा ने दो उम्मीदवारों के नाम किए घोषित
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को प्रत्याशी बनाया है। दोनों ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में बुधवार को नामांकन दाखिल किया।
कौन हैं धनराज परिमल नथवानी?
धनराज परिमल नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। वे कॉरपोरेट मामलों, फाइनेंस, एचआर और सीएसआर जैसे गैर-तकनीकी विभागों की जिम्मेदारियों से जुड़े हैं। वे रिलायंस समूह की कई कंपनियों में निदेशक के पद पर भी हैं।
ये भी पढ़ें: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह का बड़ा हमला, बोले- ‘राहुल को कांग्रेस ही नेता मानने को तैयार नहीं, देश कैसे मानेगा’
लंदन से की इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई
धनराज नथवानी ने लंदन के रीजेंट बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिजनेस में स्नातक की शिक्षा हासिल की है। उन्हें पर्यावरण, वन्यजीव संरक्षण और फोटोग्राफी में रुचि है और गुजरात के वन्यजीवों, खासकर गिर के शेरों के संरक्षण से जुड़े अभियानों में भी उनकी सक्रियता रही है। उनके पिता परिमल नथवानी भी राज्यसभा सांसद हैं।
क्रिकेट और फुटबॉल से भी जुड़े हैं नथवानी
धनराज नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वे गुजरात राज्य फुटबॉल एसोसिएशन से भी जुड़े हैं और द्वारकाधीश मंदिर प्रशासनिक समिति के उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की जीवन यात्रा पर आधारित मेगा-म्यूजिकल शो राजाधिराज: लव. लाइफ. लीला भी बनाया है।
16 अक्टूबर को यूपी में राज्यसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग की प्रक्रिया के तहत नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर तय की गई है। राज्यसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम स्थिति चुनाव प्रक्रिया और उम्मीदवारों के आधार पर तय होगी।




















