Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

5 बच्चों की मां से शादी की जिद पर अड़ा 20 साल का दामाद! बोला- सास के साथ रहूंगा, पत्नी को रहना है तो रहे

मैनपुरी में 35 साल की पांच बच्चों की मां और उसके 20 साल के दामाद के कथित प्रेम संबंध को लेकर परिवार में विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस के सामने युवक ने महिला के साथ रहने की इच्छा जताई। परिवार के विरोध के बाद दोनों को थाने लाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और फिलहाल घर भेज दिया।
5 बच्चों की मां से शादी की जिद पर अड़ा 20 साल का दामाद! बोला- सास के साथ रहूंगा, पत्नी को रहना है तो रहे

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सास और दामाद के रिश्ते को लेकर परिवार में विवाद का मामला सामने आया है। करीब 35 साल की पांच बच्चों की मां और उसके 20 साल के दामाद के बीच कथित प्रेम संबंध की बात सामने आने के बाद परिवार में विवाद बढ़ गया। मामला पुलिस तक पहुंचा, जहां युवक ने महिला के साथ रहने की इच्छा जताई।

वायरल बातचीत में पुलिस युवक से उसके साथ मौजूद महिला के बारे में पूछती है। युवक महिला को अपनी सास बताता है। जब पुलिस उससे सास के साथ शादी करने को लेकर सवाल करती है, तो युवक महिला के साथ रहने की बात कहता है।

पत्नी को लेकर भी दिया जवाब

वायरल बातचीत के मुताबिक, पुलिस युवक को समझाने की कोशिश करती है कि महिला के पांच बच्चे हैं और उसके फैसले का असर पूरे परिवार पर पड़ सकता है। जब युवक से उसकी पत्नी के बारे में पूछा गया तो उसने कथित तौर पर कहा कि वह सास के साथ रहना चाहता है। पत्नी साथ रहना चाहे तो रह सकती है, नहीं तो अपनी मर्जी से जा सकती है।

पुलिस ने युवक से महिला के बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल किए। युवक ने कथित तौर पर कहा कि महिला के जो बच्चे उसके साथ रहना चाहेंगे, वे साथ रह सकते हैं। उसने छोटे बच्चों की देखभाल करने की बात भी कही।

'सास और मम्मी एक ही बात'

वायरल बातचीत में पुलिस अधिकारी युवक से महिला के साथ उसके रिश्ते को लेकर लगातार सवाल करते हैं। युवक महिला को अपनी सास बताता है। बातचीत के दौरान वह सास और मम्मी को एक ही बात बताने की बात करता हुआ सुनाई देता है। पुलिस ने युवक से आगे की जिंदगी और परिवार पर पड़ने वाले असर को लेकर भी सवाल किए। हालांकि, युवक महिला के साथ रहने के अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं दिखा।

दो साल पहले हुई थी महिला के पति की मौत

मिली जानकारी के मुताबिक, महिला करीब 35 साल की है और घिरोर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है। उसके पति की करीब दो साल पहले मौत हो चुकी है। महिला अपने पांच बच्चों के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान महिला और उसके दामाद के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पिछले एक-दो महीने से दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध होने और साथ रहने की बात सामने आई है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Breaking News

रिश्तेदारी में पहुंचे थे दोनों

बताया गया कि महिला और उसका दामाद हाल ही में मैनपुरी में एक रिश्तेदारी में पहुंचे थे। वहां महिला के बच्चे भी मौजूद थे। बच्चों को दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद परिवार में कहासुनी हुई और मामला बढ़ गया। महिला दामाद के साथ रहने की बात पर अड़ी रही, जबकि बच्चे और परिवार के अन्य लोग इसका विरोध कर रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और दोनों को थाने लाया गया।

पुलिस ने दोनों पक्षों से की बात

पुलिस ने युवक और महिला से उनके रिश्ते और साथ रहने की इच्छा को लेकर पूछताछ की। युवक ने महिला के साथ रहने की इच्छा जताई और उसके बच्चों की जिम्मेदारी उठाने की बात भी कही। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अगर इस मामले में कोई लिखित शिकायत या तहरीर मिलती है, तो उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभी पुलिस की ओर से मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

अलीगढ़ में भी सामने आया था ऐसा मामला

मैनपुरी का यह मामला अप्रैल 2025 में अलीगढ़ के मडराक इलाके में सामने आए एक अन्य मामले की याद दिलाता है। उस मामले में परिजनों ने आरोप लगाया था कि बेटी की शादी से पहले उसकी मां अनीता और होने वाले दामाद राहुल के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी। बाद में महिला कथित तौर पर नकदी और जेवर लेकर राहुल के साथ चली गई। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस दोनों को थाने लेकर आई थी।

उस समय दोनों बालिग थे और महिला ने अपनी इच्छा से राहुल के साथ जाने की बात कही थी। बाद में दोनों के बिहार के सीतामढ़ी में रहने की जानकारी सामने आई थी। राहुल वहां फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts