2026 अमेरिकी मध्यावधि चुनाव बनेगा इतिहास का सबसे महंगा चुनाव, 12 अरब डॉलर खर्च का अनुमान, एलन मस्क सबसे बड़े दानदाता

न्यूयॉर्क। अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के खर्च और प्रचार अभियानों के फाइनेंस पर नजर रखने वाली स्वतंत्र संस्था 'ओपनसीक्रेट्स' के मुताबिक 2026 का अमेरिकी मध्यावधि चुनाव देश के इतिहास का सबसे महंगा चुनावी अभियान बन सकता है। अनुमान लगाया गया है कि इस चुनाव में कुल खर्च करीब 12 अरब डॉलर (1,137,992.4 करोड़ रुपए) तक पहुंच सकता है। इस भारी-भरकम खर्च का एक बड़ा हिस्सा बाहरी राजनीतिक समूहों, खासतौर पर 'सुपर पॉलिटिकल एक्शन कमेटियों' (सुपर PACs) द्वारा किया जा रहा है। ये संगठन 3 नवंबर को होने वाले चुनावों से पहले महत्वपूर्ण चुनावी मुकाबलों में जमकर पैसा लगा रहे हैं। इस चुनावी चक्र में अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क सबसे बड़े व्यक्तिगत दानदाता बनकर उभरे हैं। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में लगभग आधा अरब डॉलर का योगदान दिया है। उनके खर्च का एक बड़ा हिस्सा टेक्सास पर केंद्रित रहा है, जहां उनकी कई कंपनियों के हेडक्वार्टर मौजूद हैं। यह समझा जा सके कि अब तक कुल कितना खर्च हुआ है, उम्मीदवारों को कौन फंड कर रहा है और यह पैसा कहां जा रहा है- इसके लिए 'बीबीसी वेरिफाई' ने चुनाव प्रचार के वित्तीय आंकड़ों की पड़ताल की है।
यह भी पढ़ें: एलन मस्क बने अमेरिका के सबसे बड़े पॉलिटिकल डोनर, मिडटर्म चुनाव से पहले रिपब्लिकन पर खर्चे 442 मिलियन डॉलर
फोन के जरिए भी रैलियां हुईं
चुनाव प्रचार के संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि उन्होंने 27 दिनों में 31 रैलियां की हैं। इसके अलावा उन्होंने कई 'टेली-रैलियां' भी की हैं। अमेरिकी मीडिया में हाल ही में इस शब्द का इस्तेमाल तब होने लगा है, जब कोई नेता फोन के जरिए किसी रैली में हिस्सा लेता है।
कितना पैसा खर्च हो चुका है
अमेरिकी चुनाव वित्त नियमों के तहत व्यक्ति, राजनीतिक दल और पारंपरिक 'पॉलिटिकल एक्शन कमेटियां' (PACs) उम्मीदवारों को सीधे तौर पर कितनी रकम दे सकते हैं, इसकी एक सीमा तय है। हालांकि, सुपर PACs व्यक्तियों, कॉरपोरेशन्स, लेबर यूनियनों और अन्य राजनीतिक समितियों से असीमित चंदा ले सकते हैं। भले ही वे सीधे उम्मीदवारों को पैसा नहीं दे सकते, लेकिन वे किसी उम्मीदवार के समर्थन या विरोध में स्वतंत्र रूप से खर्च कर सकते हैं।
अक्टूबर मध्य तक 9.5 बिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च
फेडरल इलेक्शन कमीशन (FEC) के पास जमा किए गए नवीनतम दस्तावेजों (अक्टूबर के मध्य तक के खर्च को दिखाते हैं) के अनुसार मौजूदा चुनावी चक्र में अब तक 9.5 बिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च किया जा चुका है। कुल खर्च में PACs और सुपर PACs की हिस्सेदारी आधे से भी ज्यादा है, जिन्होंने लगभग 5.5 बिलियन डॉलर का योगदान दिया है। पिछले कुछ महीनों में उनके द्वारा किए गए खर्च की रकम लगभग दोगुनी हो गई है। उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों और बाहरी संगठनों के लिए यह जरूरी है कि वे अपने खर्च की जानकारी FEC को दें। हालांकि, पूरे आंकड़े चुनाव खत्म होने के बाद ही सामने आएंगे।
पिछले मिडटर्म इलेक्शन से 30 प्रतिशत ज्यादा
पिछले चुनावी चक्रों के खर्च के ट्रेंड को देखते हुए, 'ओपनसीक्रेट्स' (Opensecrets) का अनुमान है कि कुल खर्च 11.9 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। यह 2022 के मध्यावधि चुनावों की तुलना में करीब 30% की बढ़ोतरी होगी।
सबसे बड़े राजनीतिक दानदाता कौन हैं
उदारवादी विचारधारा वाले 'ब्रेनन सेंटर फॉर जस्टिस' के अनुसार 14 अक्टूबर तक टॉप 40 सबसे बड़े दानदाताओं ने मिलकर कुल 2.4 बिलियन डॉलर का योगदान दिया है। मध्यावधि चुनावी चक्र के इस चरण के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी रिकॉर्ड राशि है। अमेरिका में चुनावी फंडिंग के विशेषज्ञ माइकल बेकेल ने कहा है कि 2026 के चुनावों ने खर्च के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और इसका एक बड़ा हिस्सा अमीर व्यक्तियों और संगठनों की ओर से आ रहा है। व्यक्तिगत योगदान के अलावा, कई संगठन भी PACs को बड़ी रकम देते हैं। अरबपति फाइनेंसर जॉर्ज सोरोस द्वारा स्थापित 'जियोसोर कॉर्प' और 'फंड फॉर पॉलिसी रिफॉर्म' ने मिलकर उदारवादी समूहों को 102 मिलियन डॉलर का चंदा दिया है। न्यूयॉर्क शहर के पूर्व मेयर और बिजनेसमैन माइकल ब्लूमबर्ग भी डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रमुख दानदाताओं में से एक रहे हैं, जिन्होंने 60 मिलियन डॉलर से अधिक का योगदान दिया है।
रिपब्लिकंस के लिए इन्होंने किया डोनेशन
रिपब्लिकन खेमे में भी कई अमीर समर्थकों ने बड़ी रकम का दान किया है। FEC रिकॉर्ड के मुताबिक, इनमें एक बड़ी ट्रेडिंग फर्म के प्रमुख जेफ यास और बिजनेस सप्लाई कंपनी के मालिक रिचर्ड और एलिजाबेथ उइहलीन शामिल हैं। इन लोगों ने मिलकर चुनाव प्रचार के दौरान रिपब्लिकन उद्देश्यों के लिए 100 मिलियन डॉलर से अधिक का योगदान दिया है। हालांकि, एलन मस्क अभी भी सबसे बड़े व्यक्तिगत दानदाता बने हुए हैं, अक्टूबर तक उन्होंने लगभग 500 मिलियन डॉलर का डोनेशन दिया है। उनके योगदान का एक बड़ा हिस्सा 'अमेरिका PAC' (एक 'सुपर PAC' जिसे उन्होंने 2024 में बनाया था) और रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े 'सीनेट लीडरशिप फंड' को दिया गया है। इस फंडिंग का एक बड़ा हिस्सा टेक्सास सीनेट चुनाव के लिए दिया गया है, जहां रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन का मुकाबला डेमोक्रेट जेम्स टालारिको से है।
क्रिप्टोकरेंसी इंडस्ट्री भी एक बड़ी योगदानकर्ता
अमेरिका PAC ने टेक्सास की चुनावी रेस में 45 मिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है। इसके साथ ही इसने मिशिगन और ओहियो में होने वाले सीनेट चुनावों के लिए भी लगभग 10-10 मिलियन डॉलर आवंटित किए हैं। इस चुनावी दौर में क्रिप्टोकरेंसी इंडस्ट्री भी एक बड़े योगदानकर्ता के रूप में सामने आई है। 'ओपनसीक्रेट्स' (Opensecrets) के ब्रेंडन जे. ग्लैविन ने बताया कि रिपल (Ripple) और कॉइनबेस (Coinbase) ने मिलकर उन सुपर PACs को 63 मिलियन डॉलर का चंदा दिया है, जो क्रिप्टो सेक्टर के हितों को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं।




















