रायसेन: वन्यजीव शिकार मामले में 2 महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार, टपरे में छिपाई थी बंदूक

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में वन्यजीव शिकार के मामले में करीब दो महीने से फरार चल रहे आरोपी को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। पश्चिम रायसेन वन परिक्षेत्र की टीम ने 2 नवंबर को ग्राम छतई में कार्रवाई कर लाखन सिंह उर्फ लक्का को पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर उसके टपरे से बिना लाइसेंस की 12 बोर बंदूक और मांस काटने में इस्तेमाल होने वाला हंसिया भी जब्त किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग के मुताबिक, आरोपी 6 सितंबर 2026 से वन्यजीव शिकार के प्रकरण में फरार था। वनमंडलाधिकारी प्रतिभा शुक्ला के मार्गदर्शन और उपवनमंडलाधिकारी रजनीश कुमार शुक्ला के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम रायसेन ने टीम गठित की थी। टीम ने 2 नवंबर को ग्राम छतई में तलाशी अभियान चलाया और आरोपी को उसके टपरे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
रायसेन के संरक्षित जंगल में अतिक्रमण की कोशिश, ट्रैक्टर और कल्टीवेटर जब्त
धान की फसल में छिपाकर रखी थी बंदूक
वन विभाग के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर टपरे के अंदर धान की फसल में छिपाकर रखी गई 12 बोर की बिना लाइसेंस वाली बंदूक बरामद की गई। इसके अलावा मांस काटने में इस्तेमाल होने वाला एक हंसिया भी जब्त किया गया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धाराओं 2, 9, 39, 49, 50 और 51 के तहत दर्ज वन अपराध प्रकरण क्रमांक 47340/21 से जुड़ी है। यह मामला 6 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया था। वन विभाग ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



















