रायसेन के संरक्षित जंगल में अतिक्रमण की कोशिश, ट्रैक्टर और कल्टीवेटर जब्त

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में संरक्षित वन क्षेत्र की जमीन पर अतिक्रमण की कोशिश का मामला सामने आया है। पश्चिम रायसेन वन परिक्षेत्र के मुश्काबाद बीट में वन विभाग की टीम ने रात करीब 10 बजे कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर और कल्टीवेटर जब्त किया है। विभाग के अनुसार, तीन लोग ट्रैक्टर से करीब आधा हेक्टेयर वन भूमि पर जुताई कर अतिक्रमण का प्रयास कर रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
वन विभाग को 1 नवंबर की रात मुखबिर से संरक्षित वन क्षेत्र में जुताई किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वनमंडलाधिकारी प्रतिभा शुक्ला के मार्गदर्शन और उपवनमंडलाधिकारी रजनीश कुमार शुक्ला के निर्देशन में पश्चिम रायसेन वन परिक्षेत्र की टीम ने दीवानगंज वृत्त की मुश्काबाद बीट स्थित कक्ष क्रमांक PF-10 में कार्रवाई की।
तीन लोगों पर वन अपराध का मामला दर्ज
वन विभाग के मुताबिक, मौके पर कमलेश निवासी बांसिया, राशिद खां निवासी सत्ती और कमल निवासी बांसिया वन भूमि पर बिना नंबर के नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर से जुताई करते पाए गए। टीम ने ट्रैक्टर के साथ एक कल्टीवेटर भी जब्त किया।
विभाग ने 1 नवंबर 2026 को वन अपराध प्रकरण क्रमांक 46352/06 दर्ज किया है। मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



















