भगवान कृष्ण पर टिप्पणी को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की मुश्किलें बढ़ीं, FIR दर्ज कराने थाने पहुंचे पप्पू यादव

नई दिल्ली। बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब बिहार के सांसद पप्पू यादव ने भी इस मामले में विरोध जताया है। मंगलवार, 3 नवंबर को पप्पू यादव धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने भगवान कृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर आपत्ति जताई है।
राम और कृष्ण की तुलना से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, यह पूरा मामला मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा का है। यहां 29 अक्टूबर को धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा चल रही थी। इसी दौरान उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करते हुए कुछ टिप्पणियां की थीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद शुरू हो गया। वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री भगवान कृष्ण की मुद्रा और बांसुरी बजाने का जिक्र करते दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण तीन जगह से टेढ़े होकर खड़े होते हैं। उनका पैर, कमर और गर्दन मुड़ी रहती है। वहीं, भगवान राम सीधे खड़े होते हैं और अयोध्या भी सीधी है। उन्होंने बांसुरी बजाने और धनुष चलाने को लेकर भी दोनों की तुलना की थी।
अखिलेश, तेजस्वी और दिग्विजय सिंह ने भी जताई नाराजगी
धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी आपत्ति जता चुके हैं। अखिलेश यादव ने इसे ईशनिंदा बताते हुए धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों पर रोक लगाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, तेजस्वी यादव ने टिप्पणी को अशोभनीय और अमर्यादित बताया। दिग्विजय सिंह ने भी धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए उन्हें मूर्ख कहा था। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी बयान की आलोचना की है।
ब्रज के संतों और यादव समाज ने भी किया विरोध
धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर मथुरा और ब्रज क्षेत्र के संतों ने भी नाराजगी जताई है। संतों का कहना है कि भगवान राम और कृष्ण दोनों पूजनीय हैं और इस तरह उनकी तुलना करना उचित नहीं है। ब्रज क्षेत्र के संतों और यादव समाज के लोगों ने भी बयान का विरोध किया है। कुछ लोगों ने उनकी कथाओं के बहिष्कार की मांग उठाई है।
दीया मिर्जा का दिवाली वीडियो फिर अपलोड होगा, बॉम्बे हाईकोर्ट ने BMC को दिया आदेश
धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर अपनी बात स्पष्ट की और माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनकी बातों का गलत मतलब निकाला गया। भगवान कृष्ण का अपमान करने या राम और कृष्ण में भेद पैदा करने का उनका कोई इरादा नहीं था। उन्होंने अपनी टिप्पणी को विनोद और भाव में कही गई बात बताया। धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि वह खुद भगवान कृष्ण के भक्त हैं। अगर उनकी बात से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। हालांकि, उनकी सफाई के बाद भी विरोध जारी है। इसी कड़ी में अब पप्पू यादव ने दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचकर उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।




















