एडवांस मिसाइलों, ड्रोन और कई हथियार बनाने में होता है हाई क्वालिटी AI चिप्स का उपयोग, संभवत: इसीलिए चीन ने कराई एनवीडिया की जासूसी

चीन ने अमेरिका की एनवीडिया को जासूसी का शिकार बना लिया, इससे यह अमेरिकी कंपनी हर तरह के शक के घेरे में आ गई है। प्रतिबंधित AI चिप्स को चीन तक पहुंचना, अमेरिकी सरकार की जांच का सामना करना आदि। लेकिन, चीन इन चिप्स को लेने के लिए इतना उत्सुक क्यों था इसका जवाब है इनका हथियारों में प्रयोग। चीन भी AI चिप्स बनाता है लेकिन वे उस क्वालिटी की नहीं होतीं जैसी एनवीडिया की हैं।
रॉयटर्स के अनुसार इंस्टीट्यूट फॉर प्रोग्रेस की एक हालिया रिपोर्ट में सामने आया कि चीनी आपूर्तिकर्ताओं की सबसे उन्नत चिप हुआवेई (Huawei) की Ascend 910C है जो कंप्यूटिंग पावर और मेमोरी बैंडविड्थ के मामले में H200 से काफी पीछे है। 910C की कुल प्रोसेसिंग परफॉरमेंस (TPP) 12,032 है, जबकि H200 की 15,840 है। इसी तरह, 910C की मेमोरी बैंडविड्थ 3.2 टेराबाइट प्रति सेकंड है, जबकि H200 की मेमोरी बैंडविड्थ 4.8 TB/s है। इससे साफ है कि चीन को एनवीडिया की चिप्स की जरूरत क्यों है।
रूस की मिसाइल में मिली एनवीडिया की चिप
यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी (HUR) ने 12 अगस्त को रिपोर्ट किया था कि रूस की नई S-71 मोनोक्रोम एयर-लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल में 'एनवीडिया जेटसन ओरिन' (Nvidia Jetson Orin) कंप्यूटर मॉड्यूल मिला है। इससे संकेत मिलता है कि इस हथियार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह जानकारी HUR के 'वॉर एंड सैंक्शंस' (War & Sanctions) पोर्टल के 'कंपोनेंट्स इन वेपन्स' (हथियारों में पुर्जे) सेक्शन में प्रकाशित की गई है। इस पोर्टल पर उन विदेशी इलेक्ट्रॉनिक पुर्जों का रिकॉर्ड रखा जाता है जो यूक्रेन के खिलाफ इस्तेमाल किए गए रूसी हथियारों में पाए गए हैं।

हूतियों ने की गाइडेड मिसाइल बनाने की कोशिश
इसके साथ ही कुछ सप्ताह पहले सामने आया था कि हूतियों ने AI का प्रयोग गाइडेड मिसाइल बना कर सऊदी अरब पर हमला करने के लिए किया था। हालांकि यह भी कहा गया था कि हूती यह करने में सफल नहीं हो सके। लेकिन दावा जो भी हो यह तो सामने आ चुका है कि AI चिप्स का और एआई एप्लीकेशंस/असिस्ट का प्रयोग हथियार बनाने में या इसकी कोशिश में किया जा रहा है। इतना ही नहीं एंथ्रोपिक से बायोलॉजिकल वेपन बनाने की कोशश की गई। एंथ्रोपिक ने दावा किया था कि उसने ऐसी कोशश को रोक दिया।
रोक के बावजूद चीनी सेना तक पहुंचीं एनवीडिया की AI चिप्स
एक चीनी विश्वविद्यालय ( जिसका गहरा संबंध चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी से है) ने पिछले महीने अमेरिका द्वारा निर्यात पर प्रतिबंधित सूची में होने के बावजूद एनवीडिया के शक्तिशाली एच200 एआई चिप्स खरीदी थीं। यह जानकारी खरीद के रिकॉर्ड से सामने आई है। इससे भी सामने आ रहा है कि चीन को सेना से संबंधित किसी प्रोजेक्ट या काम के लिए इन चिप्स जरूरत है। इस को देखते हुए अमेरिका चीन को इन चिप्स के निर्यात पर रोक लगाई थी और इन्हें पाने के लिए चीन ने जासूसी कराई थी।
वेपन सिस्टम को इंटिग्रेट करने में उपयोग
AI चिप्स को आधुनिक सैन्य हार्डवेयर, ऑटोनॉमस सिस्टम्स और हथियार प्लेटफार्मों में सक्रिय रूप से उपयोग और एकीकृत (इंटिग्रेट) किया जा रहा है। इनका उपयोग हथियारों में कुछ खास तरह से होता है। जानते हैं इसके बारे में…
- प्रिसिजन गाइडेड हथियार और मिसाइलें : चिप्स स्मार्ट एंटी-शिप माइंस, वायु रक्षा नेटवर्क (जैसे पैट्रियट और आयरन डोम सिस्टम) और निर्देशित मिसाइलों के लिए ऑनबोर्ड प्रोसेसिंग को सक्षम बनाती हैं।
- इससे फ्लाइट पाथ का विश्लेषण, प्रभाव क्षेत्रों की भविष्यवाणी और पलक झपकते ही ट्रेजेक्टरी को एडजस्ट करने में किया जा सकता है।
- ऑटोनॉमस ड्रोन वॉरफेयर और स्वॉर्म वॉरफेयर : ऑनबोर्ड AI प्रोसेसर ड्रोन और मानवरहित लड़ाकू हवाई वाहनों (UCAV) को वास्तविक समय में लक्ष्य पहचान, स्थानीय नेविगेशन और यहां तक कि समन्वित ड्रोन झुंड संचालन करने की अनुमति देते हैं। यहां एक ही ऑपरेटर दर्जनों या सैकड़ों इकाइयों का प्रबंधन करता है।
- टारगेट की पहचान और सेंसर फ्यूजन: अमेरिकी पेंटागन के प्रोजेक्ट मेवेन जैसे सिस्टम उच्च-प्रदर्शन वाली चिप्स और मशीन लर्निंग का उपयोग करके सैटेलाइट इमेज, रडार और निगरानी डेटा से दुश्मन के ठिकानों की तेजी से पहचान और निगरानी करते हैं।
- कमांड और प्रारंभिक चेतावनी नेटवर्क: एआई चिप्स वास्तविक समय में चेतावनी संबंधी खुफिया जानकारी संसाधित करते हैं ताकि सैन्य कमांड उच्च दबाव वाले संकटों के दौरान संभावित मिसाइल प्रक्षेपणों या साइबर खतरों की व्याख्या कर सकें।
चीन करता है हायपरसोनिक मिसाइलों को AI चिप्स से कंट्रोल

वेबसाइट interesting engineering के अनुसार चीनी वैज्ञानिकों की एक टीम ने हाइपरसोनिक कैरियर्स (मिसाइलों) के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए एक सस्ते और आसानी से उपलब्ध आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप मॉड्यूल को शामिल करने के लिए एक स्टेप-बाय-स्टेप गाइड जारी की है। इस काम के लिए चुनी गई चिप 'NVIDIA Jetson TX2i, स्क्रैमजेट इंजन के कंट्रोल, रेंज और उड़ान की स्थिरता को काफी हद तक बेहतर बनाने में सक्षम पाई गई है। खास बात यह है कि यह चिप काफी सस्ती भी है जिससे हाइपरसोनिक कैरियर (मिसाइल) बनाने वालों के लिए यह एक अच्छा विकल्प बन जाती है। इस प्रयोग में टीम ने इस चिप का इस्तेमाल एक ऐसे एयर-ब्रीदिंग (हवा से ऑक्सीजन लेने वाले) वाहन में किया जो मैक 7+ (Mach 7+ यानी 8575 किमी प्रतिघंटे से ज्यादा स्पीड) की गति से उड़ान भरने में सक्षम है।
गणनाएं कुछ मिली सेकंड में हो जाती हैं पूरी
रिसर्च टीम के अनुसार, यह मॉड्यूल 'कंप्यूटेशनल फ्लूइड डायनामिक्स' मॉडल को बहुत कुशलता से प्रोसेस कर सकता है। इसका मतलब यह है कि जिन गणनाओं को पूरा होने में पहले कई सेकंड लगते थे, उन्हें अब केवल 25 मिलीसेकंड में पूरा किया जा सकता है जो पलक झपकने की गति से भी चार गुना तेज है। खास बात यह है कि बीजिंग पावर मशीनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट और डालियान यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी की रिसर्च टीम ने अपने निष्कर्षों को 13 मार्च को चीनी अकादमिक जर्नल 'प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी' में एक पीयर-रिव्यू पेपर के रूप में प्रकाशित किया।
इन हथियारों में मिल चुका है AI चिप्स का प्रयोग
- S-71 मोनोक्रोम / S-71M: यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी को रूस की इस नई, हवा से दागी जाने वाली और आसानी से पकड़ में न आने वाली (low-observable) क्रूज मिसाइल के मलबे में 'एनवीडिया जेटसन ओरिन NX' (16GB) मॉड्यूल मिला था।
- रूसी लॉइटरिंग म्यूनिशन (कामिकेजी ड्रोन) में इसका इस्तेमाल किया जाता है।
- लैंसेट लॉइटरिंग म्यूनिशन: रूस के लैंसेट ड्रोनों में एनवीडिया जेटसन TX2 मॉड्यूल पाया गया है। यह मॉड्यूल ड्रोन के अंदर इमेज प्रोसेसिंग और खुद से लक्ष्य की पहचान करने का काम करता है।
- अन्य कामिकेजी/ सुसाइड ड्रोन: रूस के अन्य स्मार्ट सुसाइड और टोही ड्रोनों (जैसे कि स्वार्म कोऑर्डिनेशन और रियल-टाइम पहचान करने वाले ड्रोन) में भी एनवीडिया जेटसन कंप्यूटिंग मॉड्यूल की तस्करी करके उनका इस्तेमाल किया गया है।




















