जबलपुर रेडियो एसपी पर महिला एएसआई ने लगाए प्रताड़ना के आरोप, आईजी ने एएसपी को सौंपी जांच

जबलपुर। पुलिस रेडियो विभाग में पदस्थ एक महिला सहायक उप निरीक्षक ने विभाग के एसपी सुनील राजोरे के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना, अपमानजनक व्यवहार और कामकाज में अनावश्यक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला एएसआई ने आईजी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आईजी ने मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ को सौंपी है।
महिला एएसआई का आरोप है कि विभाग में रोजाना दो से तीन घंटे तक बैठकें होती हैं, जिनमें कर्मचारियों के लिए कामचोर, बदमाश और मक्कार जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। उनका दावा है कि बैठकों में नौकरी से हटाने और विभागीय जांच कराने की धमकियां भी दी जाती हैं। कामकाज से संबंधित नोटशीट और पत्रों में बार-बार आपत्तियां लगाई जाती हैं।
अधिकारियों के निर्देशानुसार सुधार करने के बाद भी फाइलों पर हस्ताक्षर नहीं किए जाते और बाद में स्पष्टीकरण मांगकर चेतावनी या निंदा जैसी कार्रवाई की जाती है। महिला ने विभाग के करीब छह कर्मचारियों के भी इस व्यवहार से परेशान होने की बात कही है।
शिकायत के बाद तबादले का आरोप
महिला एएसआई के अनुसार, उन्होंने 20 जून 2026 को भी वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन समस्या का समाधान करने के बजाय उनका तबादला कर दिया गया। उन्होंने अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपने और काम पूरा करने के बाद भी अनावश्यक आपत्तियां लगाने की शिकायत भी की है। उनका कहना है कि इससे पारिवारिक जीवन और सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है।
जबलपुर में सरकारी आवास में मृत मिले पुलिस के प्रधान आरक्षक, कमरे में अकेले थे; जांच में जुटी पुलिस
सरकारी वाहन से जुड़ा वीडियो भी मिलने की बात
इसी बीच सोशल मीडिया पर एसपी सुनील राजोरे से संबंधित करीब 14 मिनट का एक वीडियो प्रसारित होने का दावा किया जा रहा है। इसमें पुलिस विभाग की बताई जा रही सरकारी कार में एक महिला कर्मचारी दिखाई देने की बात कही गई है। वीडियो में वाहन को कलेक्ट्रेट और सिविल लाइन क्षेत्र में देखे जाने तथा उसके इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और सरकारी वाहन के उपयोग को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण भी सामने नहीं आया है।
बयानों और साक्ष्यों के आधार पर होगी जांच
एएसपी आयुष जाखड़ ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जाएंगे। एसपी सुनील राजोरे वर्ष 2004 बैच के अधिकारी हैं और जुलाई 2025 में जबलपुर रेडियो एसपी के पद पर पदस्थ हुए थे। उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




















