कटनी में पुलिस कस्टडी से फरार हुए तीन आरोपी, जेल गेट के सामने दिया चकमा; एक दोबारा पकड़ाया

कटनी। कटनी जिले में पुलिस कस्टडी से तीन आरोपियों के फरार होने का मामला सामने आया है। बहोरीबंद थाने की पुलिस टीम शुक्रवार देर शाम तीन आरोपियों को जिला जेल में दाखिल कराने पहुंची थी। इसी दौरान जेल के मुख्य गेट के सामने तीनों पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान एक आरोपी को दोबारा पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
जेल में दाखिल कराने से पहले पुलिस को दिया चकमा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बहोरीबंद पुलिस ने शुक्रवार को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत धारा 151 में राकेश, रंजीत और अभिषेक को हिरासत में लिया था। देर शाम पुलिस टीम तीनों आरोपियों को लेकर कटनी जिला जेल पहुंची थी। पुलिसकर्मी उन्हें जेल में दाखिल कराने की प्रक्रिया पूरी करते, इससे पहले ही तीनों जेल गेट के सामने से पुलिस कस्टडी से भाग निकले।
एक आरोपी दोबारा पकड़ा गया, दो की तलाश जारी
तीनों आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। बहोरीबंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दोबारा पकड़ लिया है। हालांकि, राकेश, रंजीत और अभिषेक में से किस आरोपी को पकड़ा गया है, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। बाकी दो आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।




















