सोहागपुर में 2 सप्ताह से किसानों को नहीं मिल रही तीन फेस बिजली, बिल जमा करने के बाद भी खेतों में नहीं चल रहे मोटर पंप

सोहागपुर। विद्युत विभाग की व्यवस्था से परेशान किसानों को अब समय पर बिजली बिल जमा करने के बावजूद सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। मामला नगर के मातापुरा वार्ड स्थित एक विद्युत डीपी से जुड़ा है, जहां पिछले करीब दो सप्ताह से किसानों को तीनों फेस की बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। डीपी से केवल सिंगल फेस बिजली मिलने के कारण खेतों में लगे मोटर पंप बंद पड़े हैं। इससे किसान गेहूं की बोवनी से पहले जरूरी पलेवा भी नहीं कर पा रहे हैं। किसानों ने विभाग से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
बिजली नहीं मिलने से गेहूं की तैयारी प्रभावित
जिन किसानों की धान की फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, वे अब रबी सीजन में गेहूं की बोवनी की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए खेतों में पलेवा करना जरूरी है, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से सिंचाई का काम अटका हुआ है। किसानों का कहना है कि उन्होंने अपने बिजली बिल समय पर जमा किए हैं, इसके बावजूद मोटर पंप चलाने के लिए जरूरी तीन फेस बिजली नहीं मिल रही है। पीड़ित किसान इंद्र कुमार दीवान और मानस दीवान ने बताया कि पिछले करीब दो सप्ताह से यह समस्या बनी हुई है। उन्होंने बिजली बिल की राशि जमा कर दी है, इसके बावजूद डीपी से तीनों फेस की आपूर्ति नहीं हो रही। किसानों ने विद्युत विभाग की हेल्पलाइन 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसान मानस दीवान का आरोप है कि उनकी शिकायत का निराकरण किए बिना ही ओटीपी लिए बगैर शिकायत बंद कर दी जा रही है।
लोहार वाली डीपी से जुड़े हैं आसपास के खेत
किसानों के अनुसार मातापुरा वार्ड स्थित खेत में लगी इस डीपी को लोहार वाली डीपी के नाम से जाना जाता है। इससे रेवा-बनखेड़ी रोड स्थित तला मोहल्ला सहित आसपास के क्षेत्र के किसानों के खेतों में बिजली की आपूर्ति होती है। किसानों का कहना है कि डीपी से केवल सिंगल फेस बिजली मिल रही है, जबकि खेतों में लगे मोटर पंप चलाने के लिए तीनों फेस की जरूरत होती है। इसके अभाव में सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है।
बिल जमा नहीं करने वालों के कारण अन्य उपभोक्ता भी प्रभावित
मामले में सोहागपुर शहर के कनिष्ठ यंत्री विजय कुमार धुर्वे ने बताया कि किसानों की समस्या उनके संज्ञान में आई है। यदि डीपी में कोई तकनीकी खराबी है तो कर्मचारियों को भेजकर जांच कराई जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि कई बार संबंधित डीपी से जुड़े किसानों द्वारा बिजली बिल जमा नहीं करने पर विभाग शहरी उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केवल सिंगल फेस बिजली की आपूर्ति जारी रखता है। ऐसा इसलिए किया जाता है, क्योंकि कई डीपी से किसानों के साथ-साथ शहरी उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन भी जुड़े होते हैं। ऐसे में शहरी उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए डीपी की आपूर्ति पूरी तरह बंद नहीं की जाती।कनिष्ठ यंत्री ने कहा कि यदि संबंधित डीपी से जुड़े किसानों में बिजली बिल जमा करने वालों की संख्या और उनका प्रतिशत अधिक होगा तो बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। उन्होंने समय पर बिल जमा करने वाले किसानों से अन्य किसानों को भी नियमित भुगतान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
समय पर बिल जमा करने वालों को क्यों भुगतनी पड़ रही परेशानी?
किसानों का सवाल है कि जो लोग समय पर बिजली बिल जमा कर रहे हैं, उन्हें बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के कारण परेशानी क्यों उठानी पड़ रही है? उनका कहना है कि जब उन्होंने विभाग की निर्धारित राशि जमा कर दी है तो उन्हें सिंचाई के लिए तीनों फेस की बिजली मिलनी चाहिए।




















