PU Special :गेहूं-चावल छोड़ा, फिर भी नहीं घटी शुगर; मिलेट्स खाने वाले 50 में से 27 लोगों का शुगर लेवल बढ़ा

प्रवीण श्रीवास्तव, भोपाल। शुगर बढ़ने पर कई लोग गेहूं और चावल की जगह बाजरा, ज्वार और रागी जैसे मिलेट्स को अपनी डाइट में शामिल कर लेते हैं। उन्हें लगता है कि मोटा अनाज खाने से ब्लड शुगर नियंत्रित हो जाएगी लेकिन केवल अनाज बदलने से डायबिटीज पर काबू पाना आसान नहीं है। वर्ल्ड डायबिटीज डे पर पीपुल्स समाचार की पड़ताल में मिलेट्स अपनाने वाले 50 लोगों से बात की गई। इनमें से 27 यानी 54 प्रतिशत लोगों ने बताया कि नियमित जांच के बावजूद उनकी शुगर कम नहीं हुई। पड़ताल में सामने आया कि कई लोगों ने गेहूं-चावल की जगह बाजरा, ज्वार और रागी तो अपना लिया लेकिन पूरी थाली और खाने के तरीके पर ध्यान नहीं दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक, मिलेट्स में भी कार्बोहाइड्रेट होता है। इन्हें फायदेमंद मानकर जरूरत से ज्यादा खाना या बिना प्रोटीन और सब्जियों के केवल रोटी के रूप में लेना शुगर नियंत्रण के लिए पर्याप्त नहीं है। बेहतर परिणाम के लिए मिलेट्स की मात्रा सीमित रखने के साथ संतुलित डाइट और नियमित शारीरिक गतिविधि भी जरूरी है।
आखिर कहां हो रही है गलती?
डाइटिशियन सोनाली श्रीवास्तव के मुताबिक लोग मिलेट्स को फायदेमंद समझकर अचानक बड़ी मात्रा में खाना शुरू कर देते हैं। उनकी सलाह है कि एक दिन में केवल 50 ग्राम मिलेट्स का सेवन किया जाए। दूसरी बड़ी गलती यह है कि लोग मिलेट्स को प्रोटीन के साथ लेने के बजाय केवल रोटी के रूप में खाते हैं। उनका कहना है कि बाजरा या ज्वार की रोटी के साथ दाल, पनीर और दही जैसे प्रोटीन स्रोत शामिल करना चाहिए। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में सब्जियां भी खानी चाहिए। केवल गेहूं की जगह बाजरा या ज्वार लेने से पूरी डाइट संतुलित नहीं हो जाती।
मिलेट्स खाएं, लेकिन इन बातों का रखें ध्यान
विशेषज्ञों के मुताबिक मिलेट्स को डाइट में शामिल करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
- बाजरा, ज्वार और रागी के साथ दाल, पनीर और दही जैसे प्रोटीन स्रोत लें।
- खाने में हरी सब्जियां और सलाद भी शामिल करें।
- रोटी के साथ चावल, पोहा और दूसरे कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थों की कुल मात्रा पर ध्यान दें।
- मीठी चाय, मिठाई, बिस्किट और नमकीन का सेवन सीमित करें।
- रोजाना नियमित शारीरिक गतिविधि करें।
- मिलेट्स को फायदेमंद मानकर जरूरत से ज्यादा मात्रा में खाने से बचें।
ICMR की स्टडी में भी सामने आई कार्बोहाइड्रेट की भूमिका
ICMR-INDIAB की 18,090 वयस्कों पर की गई स्टडी में अधिक कार्बोहाइड्रेट लेने वाले लोगों में टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम 30 प्रतिशत अधिक पाया गया। रिपोर्ट में केवल मिलेट्स खाने के बजाय कुल कार्बोहाइड्रेट की मात्रा कम करने पर जोर दिया गया। इससे स्पष्ट होता है कि डायबिटीज नियंत्रण के लिए सिर्फ अनाज का प्रकार बदलना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरी डाइट में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा और संतुलन पर ध्यान देना जरूरी है।
मध्यप्रदेश में 26 लाख लोगों में डायबिटीज की पहचान
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की 2025-26 की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में करीब एक करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें लगभग 50 लाख लोगों में हाइपरटेंशन और डायबिटीज की समस्या सामने आई। रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक करीब 26 लाख लोगों में डायबिटीज की पहचान हुई है। ये आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में बीमारी की पहचान और समय पर जांच कितनी महत्वपूर्ण है।
डायबिटीज में छोटी चोट क्यों बन जाती है बड़ी परेशानी? डॉक्टर ने बताया पैरों की जांच का सही तरीका
ग्लाइसेमिक इंडेक्स देखकर चुनें अनाज
वरिष्ठ एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. सचिन गुप्ता के मुताबिक डायबिटीज के मरीजों के लिए केवल मोटा अनाज खाना पर्याप्त नहीं है। उन्हें अनाज का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) भी समझना चाहिए। यह एक पैमाना है, जो बताता है कि कोई खाद्य पदार्थ पचने के बाद कितनी तेजी से खून में ग्लूकोज का स्तर बढ़ाता है। डॉ. गुप्ता के अनुसार, 55 से कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थ कम श्रेणी में आते हैं। ये अपेक्षाकृत धीरे पचते हैं और खून में ग्लूकोज का स्तर भी धीरे बढ़ाते हैं। इससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है और शुगर में अचानक बढ़ोतरी की आशंका कम हो सकती है। 56 से 69 तक का GI मध्यम और 70 या इससे अधिक उच्च श्रेणी में माना जाता है।
अलग-अलग अनाज का ग्लाइसेमिक इंडेक्स:
- जौ: 28 से 30 (कम)
- खपली गेहूं: 45 से 55 (कम)
- कुट्टू: लगभग 50 (कम)
- बाजरा: लगभग 50 (कम)
- दलिया: 55 से 60 (मध्यम)
- मल्टीग्रेन अनाज: लगभग 60 (मध्यम)
- सामान्य गेहूं का आटा: 65 से 70 (मध्यम से उच्च)
- सफेद चावल: 70 से 72 (उच्च)
- कॉर्नफ्लेक्स: लगभग 93 (उच्च)
डायबिटीज के मरीजों की संख्या में टॉप-5 जिले
NHM के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में डायबिटीज के सबसे ज्यादा मरीज जबलपुर में चिन्हित किए गए हैं। इसके बाद इंदौर और छिंदवाड़ा का स्थान है। इन जिलों में चिन्हित मरीजों और इलाज करा रहे लोगों का विवरण इस प्रकार है:
- जबलपुर: 1,56,722 मरीज चिन्हित, 1,56,662 का इलाज चल रहा है।
- इंदौर: 1,27,302 मरीज चिन्हित, 1,27,110 का इलाज चल रहा है।
- छिंदवाड़ा: 98,895 मरीज चिन्हित, 98,797 का इलाज चल रहा है।
- ग्वालियर: 96,888 मरीज चिन्हित, 96,800 का इलाज चल रहा है।
- रीवा: 95,292 मरीज चिन्हित, 95,251 का इलाज चल रहा है।
भोपाल में 50 हजार से ज्यादा डायबिटीज मरीज चिन्हित
राजधानी भोपाल में 50,092 लोगों में डायबिटीज की पहचान की गई है। इनमें से 49,820 मरीजों का इलाज चल रहा है। यह आंकड़ा बताता है कि राजधानी में भी डायबिटीज के मरीजों की संख्या काफी है। ऐसे में नियमित जांच, संतुलित खानपान, सही मात्रा में अनाज का सेवन और शारीरिक गतिविधि को दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है।




















