PU Special :बीसीसीआई सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड, फिर भी दिव्यांग खिलाड़ी ऑटो चला रहे, जोमैटो डिलीवरी और फल बेचकर पाल रहे परिवार

टीम इंडिया के लिए खेल चुके दिव्यांग खिलाड़ी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। कोई ऑटो चला रहा, तो कोई डिलीवरी और फल बेचकर परिवार पाल रहा है।
बीसीसीआई सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड, फिर भी दिव्यांग खिलाड़ी ऑटो चला रहे, जोमैटो डिलीवरी और फल बेचकर पाल रहे परिवार
मध्यप्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के सदस्य।

हेमंत शर्मा,  इंदौर। बीसीसीआई  सबसे धनाढ्य एसोसिएशन तो है और ​ क्रिकेट खिलाड़ियों के पास इतना कुछ है कि संभालना मुश्किल है, तो दूसरी ओर कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो सुबह-शाम भारत और मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं और शाम को अपने परिवार का पेट पालने के लिए ऑटो चला रहे हैं, कोई दिन-रात जोमैटो की डिलीवरी कर रहा है, तो कोई सब्जी-फल का ठेला लगा रहा है।

मध्यप्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के सदस्य कमल कंचोले, जिन्हें भारतीय टीम में चयनित किया गया और जो श्रीलंका सीरीज खेलकर आए हैं, वे परिवार पालने के लिए ऑटो चलाने पर मजबूर हैं।

वहीं मध्यप्रदेश टीम के 6 सदस्य आज भी आजीविका के लिए दिन-रात संघर्ष कर रहे हैं।वहीं गोलू चौधरी, जो एमपी टीम के खिलाड़ी हैं, मंडी में फल का ठेला लगाने पर मजबूर हैं। गोलू का इंडिया ए, बी, सी तीनों टीमों में चयन हो चुका है, फिर भी वे जीविका के लिए फल बेचते हैं। उन्हें इंदौर के नौलखा हाट में अक्सर देखा जा सकता है, वहीं कई बार मालगंज हाट में भी नजर आते हैं।

/img/807/1794585701551

 भारतीय टीम के खिलाडी कमल कंचोले कहते हैं, जीविका के लिए पैसेंजर ऑटो चलाता हूं, यह मैं 8 साल से चला रहा हूं। ऑटो चलाकर महीने के 10 से 12 हजार भी मुश्किल से मिल पाते हैं, क्योंकि खेल को भी समय और प्रैक्टिस भी करना पड़ती है। कहते हैं कि हमें सरकार की ओर से कोई सहयोग नहीं मिलता, न ही कोई नौकरी मिली है। कई बार प्रशासन की ओर से जरूर सहयोग मिलता है , हमें ट्रेन में भी दिव्यांगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

आरिफ खान दोपहर 12 से 4 बजे तक जोमैटो की डिलीवरी करते हैं, उसके बाद शाम 8 से 10 बजे तक जॉब करते हैं और रविवार को क्रिकेट की प्रैक्टिस करते हैं। वे मध्यप्रदेश के लिए खेलते हैं, वहीं टेबल टेनिस में भी ऑल इंडिया में 9वीं रैंकिंग है। टेनिस की प्रैक्टिस सुबह 9 से 12 बजे करते हैं। अभी बड़ोदरा में 23 से 25 नवंबर को टूर्नामेंट है, लेकिन इसमें जाने के लिए भी खर्च खिलाड़ी को ही वहन करना पड़ता है। सरकार की ओर से कोई मदद नहीं मिलती।

/img/807/1794585927863

 शहजाद खान भी जीविका चलाने के लिए जोमैटो डिलीवरी का काम करते हैं। वे कोविड में टेलीपरफॉर्मेंस में कंप्यूटर ऑपरेटर थे, उसके बाद पहले जोमैटो डिलीवरी राइडर बने, फिर कई दिव्यांग लोगों को इस काम में जुड़वाया। क्रिकेट में वे व्हीलचेयर डिसेबल क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट भी हैं। 

20 खिलाड़ी जोमैटो में, 10 क्रिकेट-बास्केटबॉल-रग्बी-टेबल टेनिस के जोमैटो में काम करने वाले 20 खिलाड़ियों में 10 क्रिकेट, बास्केटबॉल, रग्बी और टेबल टेनिस के खिलाड़ी हैं। वहीं उज्जैन में 5 और भोपाल में 5 खिलाड़ी जोमैटो में काम कर अपना परिवार चला रहे हैं। इसके लिए एक कंपनी न्यू मोशन व्हीलचेयर ने सभी को गाड़ियां स्पॉन्सर की हैं, जिससे ये डिलीवरी का काम करते हैं।

खिलाड़ियों को एक भी टिकट नहीं मिला

स्पोर्ट्स में भागीदारी का कोई प्रोत्साहन तो मिले, खेल में कोई सहयोग नहीं मिलता, आने-जाने और रहने का साधन मिले, खेलने के लिए स्थान और व्यवस्था जरूर मिले। दूसरे प्रदेशों के मुकाबले दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए कोई सुविधा नहीं मिलती है। विडंबना यह है कि पहले इंदौर के इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में टीम को टिकट भी दिए जाते थे, लेकिन दो साल से जो मैच भारत-वेस्टइंडीज और श्रीलंका से हुए, उनमें टीम को कोई टिकट नहीं दिया गया। विकलांग कोटे के टिकट भी ऑनलाइन कर दिए गए, जिससे खिलाड़ियों को एक भी टिकट नहीं मिला।

बीसीसीआई ने बनाई कमेटी, उम्मीद जगी

व्हीलचेयर डिसेबल क्रिकेट एसोसिएशन से प्रेसिडेंट शहजाद ने बताया कि हाल ही में बीसीसीआई ने एक कमेटी बनाई है, जिसमें डीसीसीआई (डिफरेंटली एबल क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया) के तहत चार तरह के क्रिकेट की कैटेगरी बनाई है - स्टैंडिंग क्रिकेट, व्हीलचेयर, ब्लाइंड क्रिकेट और डेफ एंड डंब क्रिकेट। 

इस कमेटी में फिजिकल डिसेबल खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इन चारों डिसेबल क्रिकेट को बीसीसीआई सपोर्ट करेगी और स्टेट कमेटी बनाई गई है, जो इसे सपोर्ट करेगी, लेकिन हमें खेल के आधार पर कोई सुविधा तक नहीं मिलती। मैच में जाने-आने का खर्च भी हमें ही वहन करना पड़ता है।

वहीं, एमपीसीए के सीईओ रोहित पंडित ने बताया कि कुछ दिन पहले तक तो कोई आदेश नहीं था, पर बीसीसीआई ने हमें कुछ दिन पहले पत्र लिखा है। अब उनके आने-जाने के टिकट देने और अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए, उस आधार पर कार्य करना शुरू किया है।हमें बीसीसीआई के दायरे में रहकर काम करना होता है, तो अब लेटर आया है तो लेटर के आधार पर जो खिलाड़ी हैं, वह सुविधाएं उन्हें प्रदान की जाएंगी।

Jitendra Shrivastava
By Jitendra Shrivastava

शांत स्वभाव और सौम्य व्यक्तित्व के साथ खबरों की गहरी समझ। यही पहचान है जितेंद्र श्रीवास्तव की। पिछले...

Latest Posts