Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Bigg Boss 20 में काजी तौकीर का जलवा! स्काउट को पछाड़ जीता बॉस मीटर, अब ट्रॉफी पर नजर

बिग बॉस में इस हफ्ते काजी तौकीर खान ने स्काउट को हराकर बॉस मीटर का खिताब जीत लिया। उनकी जीत पर फैंस बधाइयां दे रहे हैं। वहीं शो में काजी ने सलमान खान की मिमिक्री कर सबको हंसाया। दूसरी ओर अरिशफा ने टास्क में लव गिल को हराया, जिसके बाद कनिका और गुल्लू के बीच विवाद देखने को मिला।
Bigg Boss 20 में काजी तौकीर का जलवा! स्काउट को पछाड़ जीता बॉस मीटर, अब ट्रॉफी पर नजर
स्काउट को मिली मात, काजी बने नंबर-1! फैंस बोले- अब बिग बॉस की ट्रॉफी भी जीतकर दिखाओ

बिग बॉस के घर में हर हफ्ते कोई न कोई कंटेस्टेंट अपनी परफॉर्मेंस और दर्शकों के समर्थन के दम पर चर्चा में आ जाता है। इस बार भी बॉस मीटर की रेस में दो मजबूत दावेदारों के बीच मुकाबला देखने को मिला। काजी तौकीर खान और स्काउट इस हफ्ते फाइनलिस्ट बने थे। दोनों के बीच दर्शकों के वोट हासिल करने की टक्कर थी, लेकिन आखिरकार काजी ने बाजी मार ली। उन्होंने स्काउट को पीछे छोड़ते हुए इस हफ्ते का बॉस मीटर अपने नाम कर लिया।

काजी तौकीर बने इस हफ्ते के बॉस मीटर विनर

बिग बॉस मीटर में हर हफ्ते दर्शकों के वोट के आधार पर कंटेस्टेंट्स की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जाता है। इस बार काजी तौकीर खान और स्काउट फाइनल तक पहुंचे थे। दोनों के फैंस अपने पसंदीदा कंटेस्टेंट को जिताने के लिए वोट कर रहे थे। मुकाबले में काजी ने स्काउट को पीछे छोड़ दिया और नंबर-1 की जगह हासिल कर ली। जियो हॉटस्टार रियलिटी ने भी सोशल मीडिया पर काजी की तस्वीर शेयर करते हुए उनकी जीत की जानकारी दी। पोस्ट में लिखा गया कि इस हफ्ते बॉस मीटर में काजी तौकीर खान पहले नंबर पर हैं। काजी की इस जीत के बाद उनके फैंस काफी खुश नजर आए। सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। कुछ लोगों ने उन्हें इस जीत का हकदार बताया, तो कुछ ने उम्मीद जताई कि काजी आगे चलकर बिग बॉस की ट्रॉफी भी अपने नाम करेंगे।

फैंस बोले- अब ट्रॉफी जीतकर दिखाओ

काजी की जीत पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कई तरह के कमेंट किए। एक फैन ने लिखा कि काजी इस जीत के पूरी तरह हकदार हैं। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि अभी तो उन्होंने बॉस मीटर जीता है, असली जीत तो बिग बॉस की ट्रॉफी हासिल करना होगी। कुछ फैंस ने तो अभी से काजी को शो का विजेता मानना शुरू कर दिया है। एक यूजर ने लिखा कि यह जीत तो मिलनी ही थी, अब ट्रॉफी भी काजी के नाम होनी चाहिए। इससे साफ है कि दर्शकों के बीच काजी की लोकप्रियता लगातार चर्चा में बनी हुई है।

सलमान खान की मिमिक्री कर काजी ने लूटी महफिल

बॉस मीटर की जीत के अलावा काजी हाल ही के एपिसोड में अपनी मस्ती और कॉमेडी को लेकर भी चर्चा में रहे। उन्होंने घर के अंदर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की नकल करके सभी को खूब हंसाया। काजी ने सलमान की फिल्म 'तेरे नाम' वाला हेयर स्टाइल भी बनाया। इसके बाद उन्होंने लव गिल के लिए 'क्यों किसी को वफा के बदले' गाना गाया। उनकी इस परफॉर्मेंस ने घर का माहौल खुशनुमा कर दिया। इतना ही नहीं, काजी ने सलमान खान के 'वीकेंड का वार' होस्ट करने के अंदाज की भी नकल की। उन्होंने सलमान के बोलने और शो चलाने के तरीके को कॉपी करने की कोशिश की। उनकी यह मस्ती देखकर घरवाले हंसने लगे और सभी ने उनकी तारीफ की।

Bigg Boss 20: कैप्टेंसी टास्क में Love Gill और Uditi के बीच विवाद, टास्क रद्द होने पर कप्तान बनीं Uditi Singh

उदिति सिंह बनीं कैप्टन, अरिशफा को बताया फेवरेट

शो में मनोरंजन के साथ-साथ टास्क और घर के अंदर की राजनीति भी देखने को मिली। इस बार बिग बॉस ने उदिति सिंह को घर का कैप्टन बनाया। कैप्टन बनने के साथ ही उन्हें एक खास अधिकार भी दिया गया। उदिति को घर के सभी सदस्यों में से एक कंटेस्टेंट को अपना सबसे पसंदीदा और एक को सबसे नापसंद बताना था। इस पर उन्होंने अरिशफा को अपना फेवरेट चुना, जबकि लव गिल को सबसे कम पसंद करने वाला कंटेस्टेंट बताया। इसके बाद बिग बॉस ने अरिशफा और लव के बीच मुकाबला करवाने का फैसला किया। दोनों को एक टास्क दिया गया, जिसमें जीतने वाले को इम्यूनिटी मिलने का मौका था।

अरिशफा ने जीता टास्क, दो टीमों में बंटे घरवाले

इस मुकाबले को और दिलचस्प बनाने के लिए बिग बॉस ने बाकी कंटेस्टेंट्स को अरिशफा और लव में से किसी एक की टीम चुनने को कहा। ज्यादातर घरवालों ने अरिशफा का साथ दिया। वहीं कनिका और गुल्लू ने लव की टीम में रहना चुना। यह मुकाबला तीन राउंड में पूरा हुआ। दोनों टीमों ने जीतने के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन आखिर में अरिशफा ने बाजी मार ली। इस जीत के साथ उन्होंने इम्यूनिटी भी हासिल कर ली।

कनिका और गुल्लू के बीच हुई बहस

टास्क खत्म होने के बाद घर का माहौल फिर बदल गया। कनिका और गुल्लू के बीच अनबन देखने को मिली। कनिका का आरोप था कि गुल्लू ने जानबूझकर लव को टास्क में हरवा दिया। कनिका ने अपनी नाराजगी लव के सामने भी जाहिर की। उनका कहना था कि गुल्लू चाहते तो लव को जिताने में मदद कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इस बात को लेकर घर में तनाव बढ़ गया। इस एपिसोड में काजी की बॉस मीटर जीत, सलमान खान की मिमिक्री और अरिशफा-लव के बीच मुकाबले ने दर्शकों का ध्यान खींचा। अब देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में घर के रिश्ते किस करवट बदलते हैं और काजी अपनी लोकप्रियता को बिग बॉस की ट्रॉफी तक पहुंचा पाते हैं या नहीं।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts