पंजाब जा रहा रतलाम का परिवार हादसे का शिकार, पति-पत्नी और बेटे की मौत

मध्य प्रदेश के रतलाम के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हरियाणा के रोहतक जिले में हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 22 साल का बेटा शामिल है। तीनों रतलाम के इंद्रानगर इलाके में रहते थे और कार से अपने पैतृक गांव पंजाब जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। वहीं, रतलाम से परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं।
पंजाब जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रतलाम के इंद्रानगर निवासी करमजीत गुरुवार शाम अपनी पत्नी और बड़े बेटे के साथ कार से पंजाब के लिए निकले थे। कार करमजीत खुद चला रहे थे। शुक्रवार सुबह हरियाणा के रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार तीनों लोगों की जान चली गई। हालांकि, अभी तक दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रोहतक के अस्पताल में रखे हैं शव
हादसे के बाद तीनों के शव रोहतक के अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखे गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद रतलाम में रहने वाले परिवार के अन्य सदस्य रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
छोटा बेटा रतलाम में दादा-दादी के पास था
बताया जा रहा है कि करमजीत का छोटा बेटा हादसे के वक्त रतलाम में ही अपने दादा-दादी के पास था। परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से घर में दुख का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, करमजीत के माता-पिता को फिलहाल हादसे की जानकारी नहीं दी गई है। परिवार के अन्य सदस्य रोहतक पहुंचने की तैयारी में हैं।




















