DJ का शोर या कुछ और? क्लास में बैठी थी मासूम, अचानक गिरी और हो गई बेहोश; कुछ देर बाद मौत

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर नगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक 7 साल की बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। बच्ची दूसरी कक्षा में पढ़ती थी और घटना के समय वह स्कूल में मौजूद थी। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास से गणेश प्रतिमा विसर्जन की यात्रा निकल रही थी। इसी दौरान बच्ची अचानक अपनी सीट पर गिरकर बेहोश हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में चर्चा शुरू हो गई कि क्या विसर्जन यात्रा के दौरान बज रहे तेज डीजे की आवाज की वजह से बच्ची की तबीयत बिगड़ी थी। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि अभी तक बच्ची की मौत को डीजे की आवाज से जोड़ने की पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कक्षा दो में पढ़ती थी वैष्णवी
पुलिस के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान वैष्णवी के रूप में हुई है। वह बलरामपुर नगर के एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा थी। 21 सितंबर को वह रोज की तरह स्कूल गई थी। इसी दौरान स्कूल के पास से गणेश प्रतिमा विसर्जन की यात्रा निकल रही थी। बताया गया कि यात्रा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजने की बात सामने आई। इसी बीच बच्ची अचानक अपनी सीट पर गिर गई और बेहोश हो गई। स्कूल में मौजूद शिक्षकों ने तुरंत बच्ची को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया।
बलरामपुर में डीजे की तेज आवाज से बिगड़ी छात्रा की तबियत! मौत, गणेश विसर्जन के दौरान हुई घटना
डीजे की आवाज को लेकर उठे सवाल
बच्ची की मौत के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा तेजी से सामने आया कि गणेश विसर्जन यात्रा में बज रहे तेज डीजे की आवाज के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। इस दावे के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। हालांकि, पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहे इस दावे को अभी सही नहीं माना है। पुलिस का कहना है कि बच्ची की मौत की वजह की पुष्टि नहीं हुई है। बच्ची स्कूल की कक्षा में अज्ञात कारणों से बेहोश हुई थी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद नगर में डीजे पर रोक का फैसला
घटना के बाद नगर पालिका परिषद सभागार में सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में डीजे के इस्तेमाल को लेकर चर्चा की गई। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बच्ची की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना को देखते हुए बैठक में भविष्य में त्योहारों के दौरान डीजे का इस्तेमाल नहीं करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद और विभिन्न सामाजिक संगठन जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान त्योहारों में डीजे पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की जाएगी।
पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। परिवार की ओर से फिलहाल किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की गई है। पुलिस को घटना की सूचना भी परिजनों की ओर से नहीं दी गई थी। अब पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्ची के बेहोश होने से पहले कक्षा में क्या हुआ था और उस समय स्कूल के आसपास की स्थिति कैसी थी।



















