Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नींद की झपकी बनी काल! आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कंटेनर से भिड़ा डंपर, 2 की जिंदा जलकर मौत

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह डंपर और कंटेनर की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की मौत हो गई। कंटेनर चालक और दो बाइक सवार झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, डंपर चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका है। घटना के बाद हाईवे पर 5 किमी लंबा जाम लगा।
नींद की झपकी बनी काल! आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कंटेनर से भिड़ा डंपर, 2 की जिंदा जलकर मौत
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह डंपर और कंटेनर की भीषण टक्कर।

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खंदौली थाना क्षेत्र में डंपर और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की मौत हो गई। दोनों गाड़ी के अंदर फंस गए थे और आग की चपेट में आ गए। हादसे में कंटेनर चालक और पास से गुजर रहे दो बाइक सवार भी झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद दोनों वाहनों से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

डंपर चालक और क्लीनर अंदर फंसे

पुलिस के मुताबिक, डंपर में गिट्टी लदी थी और वह अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे फ्रोजन मटर से लदे कंटेनर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के वक्त डंपर के पीछे बाइक से दो युवक भी आ रहे थे। दोनों की बाइक डंपर से टकरा गई। उन्होंने किसी तरह खुद को संभाला और बाइक के साथ सड़क किनारे पहुंच गए। इसी बीच डंपर और कंटेनर में आग फैल गई। कंटेनर चालक ने किसी तरह गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन डंपर चालक और क्लीनर अंदर फंस गए। आग बुझने के बाद दोनों के शव वाहन के अंदर मिले।

हादसे में दो बाइक सवार भी झुलसे

इस हादसे में दो बाइक सवार भी घायल हुए हैं। दोनों खंदौली के नगला जालिम गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों सादाबाद मंडी गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। वह दोनों बाइक से डंपर के पीछे चल रहे थे। अचानक डंपर ने ब्रेक लगा दिया, जिसके बाद उनकी बाइक डंपर से टकरा गई। हादसे में दोनों झुलस गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

डंपर चालक को नींद आने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह डंपर चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी। मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र के कोड़राका निवासी आकाश (25) और करुआ (24) के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें: डोंगरगढ़ में कार-स्कूटी की भीषण भिड़ंत, धू-धूकर जली कार; स्कूटी भी आग की चपेट में, मालिक की तलाश

हाईवे पर 5 किलोमीटर लंबा जाम

भीषण हादसे और आग के कारण आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दोनों वाहनों को सड़क से हटाने में काफी समय लगा। इस दौरान हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क किनारे कराया। इसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 36 किलोमीटर दूर खंदौली थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। दोनों वाहनों की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की शुरुआती जांच में नींद की झपकी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और आग इतनी तेजी से कैसे फैली।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts