'बेढी पड़ाओ बच्चाव'... सही स्लोगन नहीं लिख पाईं केंद्रीय राज्यमंत्री ठाकुर, लिखना था- बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ

धार। मोदी कैबिनेट में शामिल केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर से स्लोगन लिखने में चूक हो गई। मंत्री 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' का स्लोगन ठीक से नहीं लिख पाईं। स्कूल चलें हम अभियान के तहत वह सरकारी स्कूल के बोर्ड पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लिख रही थीं। तब उन्होंने बेटी पढ़ाओ को बेढी पडाओ और बेटी बचाओ को बच्चाव लिख दिया। उन्होंने लिखा- बेढी पडाओ बच्चाव।
मंत्री ने रथ के फ्लैक्स पर लिखा गलत स्लोगन
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला धार में आयोजित शासकीय कार्यक्रम का है। महिला एवं बाल विकास विभाग की केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर स्कूल चले हम अभियान के शुभारंभ के दौरान धार के ब्रह्मकुंडी स्थित स्कूल में पहुंची थीं। उन्होंने स्कूल की घंटी बजाकर अभियान की शुरुआत की। तीन दिवसीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत करने के लिए उन्हें शिक्षा रथ को हरी झंडी दिखानी थी। इस दौरान रथ के फ्लैक्स पर ठाकुर को स्लोगन लिखना था। तब उन्होंने बेटी पढ़ाओ को बेढी पडाओ और बेटी बचाओ को बच्चाव लिख दिया। उन्होंने लिखा- बेढी पडाओं बच्चाव। शिक्षा के प्रचार-प्रसार को लेकर यही रथ सात दिनों तक पूरे जिले में घुमेगा। मंत्री के गलत स्लोगन लिखने के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।




















