UAE vs India A: वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया इतिहास, 28 गेंदों में शतक ठोककर तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, 52 गेंदों पर लगा दी डबल सेंचुरी

स्पोर्ट्स डेस्क। वैभव सूर्यवंशी ने एक और इतिहास रच दिया है। सिर्फ 15 साल के इस भारतीय खिलाड़ी ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसने विश्व क्रिकेट के दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया। दोहा में खेले जा रहे एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स-2026 में UAE के खिलाफ भारत A की ओर से खेलते हुए वैभव ने सिर्फ 28 गेंदों में शतक पूरा कर लिया। इसके साथ ही वह लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड एक गेंद के अंतर से तोड़ दिया। वैभव ने 52 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा किया। ये लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक रहा। वैभव ने कुल 53 गेंदों पर 204 रन बनाए, जिसमें 28 छक्के और 7 चौके शामिल रहे।
जेक फ्रेजर-मैकगर्क और एबी डिविलियर्स को छोड़ा पीछे
वैभव ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स के 11वें मुकाबले में UAE के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने चौकों और छक्कों की मदद से महज 28 गेंदों में शतक जड़कर नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले सबसे तेज लिस्ट-A शतक का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था। उन्होंने तस्मानिया के खिलाफ साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए 29 गेंदों में शतक लगाया था। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स 31 गेंदों के शतक के साथ तीसरे और भारत के साकिबुल गनी 32 गेंदों के शतक के साथ चौथे स्थान पर हैं। ईशान किशन ने 33 गेंदों में शतक लगाकर पांचवां स्थान हासिल किया है।
लिस्ट-A क्रिकेट के सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
1. वैभव सूर्यवंशी – 28 गेंद बनाम UAE
2. जेक फ्रेजर-मैकगर्क – 29 गेंद बनाम तस्मानिया
3. एबी डिविलियर्स – 31 गेंद बनाम वेस्टइंडीज
4. साकिबुल गनी – 32 गेंद बनाम अरुणाचल प्रदेश
5. ईशान किशन – 33 गेंद बनाम कर्नाटक
हरप्रीत भाटिया के शतक से UAE ने भारत A को दिया था 250 रन का लक्ष्य
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी UAE की टीम ने निर्धारित ओवरों में 249 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 20 रन के स्कोर पर दो विकेट गिर गए। ऐसे मुश्किल समय में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए भारतीय मूल के हरप्रीत सिंह भाटिया ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 144 गेंदों में 130 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और चार छक्के शामिल थे। हरप्रीत ने मोहम्मद शाहदाद के साथ तीसरे विकेट के लिए 71 रन और एथन डिसूजा के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान बेसिल हमीद के साथ 66 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। बेसिल 36 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से अरशद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 43 रन देकर चार विकेट हासिल किए।
ये भी पढ़ें: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल डेब्यू खिलाड़ी बने




















