Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जब विधायक बने सेवादार... गुरुद्वारे के जोड़ा घर में श्रद्धालुओं के जूते संभालकर विधायक राय ने जीता संगत का दिल

गुरु नानक जयंती पर विधायक सुदेश राय ने गंगा आश्रम गुरुद्वारे में मत्था टेककर श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल संभाले। लंगर में प्रसादी ग्रहण की और सिख समाज को शुभकामनाएं देते हुए मानव सेवा का संदेश दिया।
सीहोर। गुरु पर्व पर गुुरुद्वारे में सेवा करते विधायक सुदेश राय।

सीहोर। पद और प्रतिष्ठा से बड़ी सेवा की भावना होती है। जब इंसान अपने अहंकार को पीछे छोड़कर दूसरों की सेवा के लिए आगे आता है, तो उसका व्यवहार ही सबसे बड़ा संदेश बन जाता है। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को गंगा आश्रम स्थित गुरुद्वारा साहिब में कुछ ऐसा ही भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। विधायक सुदेश राय यहां केवल मत्था टेकने और शुभकामनाएं देने नहीं पहुंचे, बल्कि एक सामान्य सेवादार की तरह श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल संभालकर सेवा की मिसाल भी पेश की।

जोड़ा घर में पहुंचकर संभाली सेवा की जिम्मेदारी

गुरुद्वारा साहिब पहुंचने के बाद विधायक सुदेश राय मुख्य द्वार पर स्थित जोड़ा घर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने हाथों से दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल उठाए और उन्हें व्यवस्थित तरीके से स्टैंड पर रखा। आमतौर पर पद और जिम्मेदारियों के बीच रहने वाले जनप्रतिनिधि को इस तरह जमीन से जुड़कर सेवा करते देख वहां मौजूद संगत ने उनके इस व्यवहार की सराहना की। गुरु घर में सेवा का महत्व ही यही है कि यहां कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, हर व्यक्ति सेवा और समर्पण के भाव से जुड़ता है।

गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष टेका मत्था

जोड़ा घर में सेवा करने के बाद विधायक गुरुद्वारे के भीतर पहुंचे और गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष श्रद्धापूर्वक मत्था टेककर अरदास की। उन्होंने सीहोर जिले, प्रदेश और देश में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ समूचे विश्व के कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने सिख समाज के लोगों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

ये भी पढ़ें: पति की याद में सीवन नदी के घाट पर स्थापित करवाए दो पूजन पात्र, समाजसेवी ने दिए 51 हजार रुपये

लंगर में संगत के साथ ग्रहण की प्रसादी

प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण रहा। विधायक सुदेश राय श्रद्धालुओं के साथ लंगर में पहुंचे और गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। लंगर में सभी समाजों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। यह दृश्य गुरु नानक देव जी की समानता, भाईचारे और मानवता की शिक्षाओं को जीवंत करता नजर आया।

मानव सेवा का मार्ग दिखाती हैं गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं

गुरुद्वारे में उपस्थित सिख समाज के लोगों के बीच विधायक सुदेश राय ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं और उनका आदर्श जीवन हमें सदैव मानव सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उनके बताए सत्य, प्रेम, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलकर ही समाज का वास्तविक कल्याण संभव है। गुरु नानक देव जी ने हमेशा मानवता को सर्वोपरि रखने और जरूरतमंदों की सेवा करने का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और सद्भाव के सूत्र में बांधने का काम कर रही हैं।

ये भी पढ़ें: सीहोर में स्वास्थ्यकर्मियों ने विधायक और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विशेष भर्ती नीति बनाने की मांग

48 घंटे के पाठ के समापन के साथ सजा गुरुद्वारा

गुरु नानक जयंती को लेकर शहर के गुरुद्वारों को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया था। गंगा आश्रम स्थित गुरुद्वारा साहिब में पिछले 48 घंटे से चल रहे साहिब पाठ का समापन हुआ। इसके बाद भजन-कीर्तन और अरदास के आयोजन हुए। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचे। पूरे परिसर में भक्ति, सेवा और भाईचारे का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर सिख समाज अध्यक्ष गुरमीत सिंह दुआ, सचिव राजेंद्र सिंह लांबा, श्रीमती अमिता अरोरा, सरदार महेंद्र सिंह खनूजा, चरणजीत सिंह चन्ना सहित बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts