Tips for Strong Bones: बच्चों की हड्डियां बनानी हैं मजबूत? रोज खिलाएं ये आउटडोर गेम्स!

बच्चों की अच्छी सेहत और मजबूत हड्डियों के लिए माता-पिता अक्सर कैल्शियम और विटामिन-D पर ध्यान देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बच्चों की हड्डियों के बेहतर विकास के लिए सिर्फ पौष्टिक खाना ही नहीं, बल्कि रोजाना खेलना-कूदना भी जरूरी है? दौड़ना, कूदना और रस्सी कूदने जैसी गतिविधियां हड्डियों को मजबूती देने में मदद करती हैं। ऐसे में बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखकर आउटडोर गेम्स के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है।
बच्चों की हड्डियों के लिए आउटडोर खेल क्यों है जरूरी?
बच्चों की हड्डियां शारीरिक गतिविधियों के दौरान पड़ने वाले दबाव के अनुसार मजबूत होती हैं। जब बच्चे दौड़ते, कूदते या खेलते हैं, तो उनकी हड्डियों पर हल्का दबाव पड़ता है। इससे शरीर को हड्डियों को मजबूत बनाने का संकेत मिलता है। इस प्रक्रिया को Wolff's Law कहा जाता है।
यही वजह है कि बच्चों को लंबे समय तक घर के अंदर बैठकर पढ़ाई या मोबाइल चलाने तक सीमित नहीं रखना चाहिए। रोजाना बाहर खेलने से हड्डियों के विकास के साथ उनकी शारीरिक फिटनेस भी बेहतर होती है। इसके अलावा, बाहर खेलने के दौरान मिलने वाली प्राकृतिक धूप शरीर में विटामिन-D बनने में मदद करती है।
बच्चों को रोज कितनी देर खेलना चाहिए?
बच्चों को हर दिन कम से कम 60 मिनट शारीरिक गतिविधियों में शामिल करना चाहिए। इसके लिए उनकी दिनचर्या में कई तरह के खेल शामिल किए जा सकते हैं, जैसे-
- दौड़ना और कूदना
- रस्सी कूदना
- फुटबॉल और बैडमिंटन
- हॉपस्कॉच यानी स्टापू
- साइकिल चलाना और तैराकी
हड्डियों को मजबूत बनाने वाली गतिविधियां सप्ताह में कम से कम तीन दिन जरूर शामिल करनी चाहिए। हालांकि, हर बच्चे की उम्र और शारीरिक क्षमता के अनुसार खेलों का चुनाव करना जरूरी है। साइकिल चलाना और तैराकी भी सेहत के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन इनमें दौड़ने और कूदने जैसी गतिविधियों के मुकाबले हड्डियों पर उतना दबाव नहीं पड़ता। इसलिए बच्चों की दिनचर्या में अलग-अलग तरह के खेल शामिल करना बेहतर रहता है।
क्या बच्चों को कैल्शियम और विटामिन-D सप्लीमेंट देना जरूरी है?
बच्चों की हड्डियों के विकास के लिए कैल्शियम, विटामिन-D और प्रोटीन से भरपूर भोजन जरूरी है। उनकी डाइट में दूध, दही, दालें, हरी सब्जियां और प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए। हालांकि, हर बच्चे को अलग से कैल्शियम या विटामिन-D की गोलियां देने की जरूरत नहीं होती। अगर बच्चे की डाइट में पोषक तत्वों की कमी है या उसे कोई स्वास्थ्य समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट दिए जा सकते हैं। बिना चिकित्सकीय सलाह के बच्चों को सप्लीमेंट देना सही नहीं है। इसलिए बच्चों की मजबूत हड्डियों के लिए संतुलित आहार के साथ नियमित खेल-कूद और शारीरिक गतिविधियों को भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है।



















