Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले के बाद बड़ी कार्रवाई, सीमा क्षेत्र में 50 से ज्यादा अवैध कब्जे हटाए

त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले में BSF जवानों पर हमले के बाद प्रशासन ने सीमा क्षेत्र में 50 से ज्यादा अवैध कब्जे हटाए। 24 आरोपी गिरफ्तार, सर्च ऑपरेशन जारी।
त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले के बाद बड़ी कार्रवाई, सीमा क्षेत्र में 50 से ज्यादा अवैध कब्जे हटाए
BSF जवानों पर हमले के बाद बड़ी कार्रवाई

त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले में BSF जवानों पर हुए हमले के करीब एक महीने बाद सुरक्षा बलों और जिला प्रशासन ने सीमा क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। प्रशासन अब तक सोनामुरा और विशालगढ़ सब-डिवीजन में 50 से ज्यादा अवैध कब्जे हटा चुका है। यह कार्रवाई BSF, सरकारी और जंगल की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ त्रिपुरा पब्लिक प्रिमाइसेस (अनधिकृत कब्जाधारियों की बेदखली) एक्ट, 1982 के तहत की जा रही है।

BSF की जमीन पर बने 5 मकान और 2 दुकानें ध्वस्त

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक शनिवार को बॉक्सनगर इलाके के आशाबाड़ी गांव में जिला प्रशासन, पुलिस, BSF और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान BSF की जमीन पर कथित तौर पर बनाए गए 5 मकानों और 2 दुकानों को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा जंगल की जमीन पर अवैध रूप से बने 2 अन्य मकान भी गिराए गए। इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त जांच में अवैध निर्माणों की पहचान की गई थी। इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ध्वस्तीकरण किया गया।

BSF जवानों पर हमले के मामले में 24 गिरफ्तार

त्रिपुरा पुलिस के IG मांचक इप्पर ने बताया कि 2 नवंबर को आशाबाड़ी गांव में BSF जवानों पर हुए हमले के मामले में अब तक 5 महिलाओं सहित 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों की संपत्तियां ध्वस्त की गई हैं, उनमें से कुछ पर BSF जवानों पर हमले समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। वहीं, कुछ अन्य लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था। कई अन्य कब्जाधारियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले के मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार, 2 कांस्टेबल और असिस्टेंट कमांडेंट घायल

बाकी आरोपियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक 2 नवंबर की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हमले में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से करीब 50 पुरुषों और महिलाओं के शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, 1985, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

Featured News

गांजा तस्करी रोकने पर BSF जवानों पर हुआ था हमला

पुलिस के मुताबिक 2 नवंबर को BSF जवानों ने भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते गांजा की तस्करी कर बांग्लादेश ले जाने की कोशिश कर रहे कथित तस्करों के एक समूह को रोका था। इसके बाद करीब 50 पुरुषों और महिलाओं की भीड़ ने जवानों को घेरकर उन पर हमला कर दिया था।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts