रीवा में रिटायर्ड तहसीलदार के घर तोड़फोड़, परिवार का आरोप- लोहे की रॉड से हमला किया, सिर तन से जुदा करने की धमकी

रीवा। शहर के मिलन वाटिका में शनिवार को आई एक शादी की बारात के दौरान डीजे निकालने को लेकर दो पक्षों में भारी विवाद हो गया। इस मामले में रिटायर्ड तहसीलदार आरबी शर्मा के परिवार ने बारात पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने, अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, हमीदिया कॉलोनी निवासी एक मुस्लिम परिवार की स्थानीय बारात मिलन वाटिका पहुंची थी। इसी दौरान डीजे निकालने की बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति पानी न देने की बात कहता दिख रहा है और इसके बाद दूसरा युवक गाली-गलौज करता नजर आ रहा है।
लोहे की रॉड से हमला
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद बारात पक्ष के कुछ लोग उनके घर पहुंच गए और जमकर तोड़फोड़ की। परिवार ने शिकायत में मोहम्मद शाहरुख पर लोहे की रॉड से हमला करने, धार्मिक नारे लगाने और 'सिर तन से जुदा' करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि डीजे विवाद के बाद तोड़फोड़ की घटना सामने आई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कटनी में जैन धर्मशाला और स्कूल की संपत्ति पर फिर बवाल, बाउंसर तैनात करने पर आमने-सामने आए दो पक्ष
मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं
रीवा थाना प्रभारी, मनीषा उपाध्याय ने बताया कि मिलन वाटिका में बारात के दौरान डीजे निकालने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद घर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




















