बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मिले क्रिकेटर मोहम्मद शमी, मुलाकात के बाद अटकलें तेज

मोहम्मद शमी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले हैं। इससे पहले उनकी राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से भी मुलाकात हुई थी, जिसके बाद उनके राजनीति में आने की चर्चाएं शुरू हुई थीं। अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद इन अटकलों को फिर हवा मिली है। दूसरी ओर, शमी हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर चुके हैं, जबकि वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका सफर जारी है।
यूपी चुनाव से पहले राजनीति में आने की अटकलें तेज
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अमरोहा से संबंध रखने वाले मोहम्मद शमी की बीजेपी अध्यक्ष से मुलाकात को चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस मुलाकात का मकसद क्या था, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और न ही शमी के बीजेपी में शामिल होने की पुष्टि हुई है।
जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद भी हुई थीं चर्चाएं
इससे पहले मोहम्मद शमी ने राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। उस समय भी उनके राजनीति में आने और अमरोहा से विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई गई थीं। अब नितिन नबीन से मुलाकात के बाद एक बार फिर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का किया था ऐलान
मोहम्मद शमी ने 6 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। खास बात यह रही कि 6 नवंबर 2013 को ही उन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू किया था और ठीक 13 साल बाद इसी तारीख को इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया। उन्होंने भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 229 विकेट अपने नाम किए।
संन्यास के ऐलान पर शमी ने साझा की थीं भावुक यादें
टेस्ट क्रिकेट से विदाई लेते हुए शमी ने लिखा था कि वह भारी मन और कई खूबसूरत यादों के साथ सफेद जर्सी को अलविदा कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनना उनके लिए देश के लिए कुछ करने के सपने जैसा था। इस सफर में मिले विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया।
BCCI और बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन का जताया आभार
शमी ने अपने क्रिकेट सफर में साथ देने वाले साथी खिलाड़ियों, कोच, परिवार और करोड़ों देशवासियों का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) का भी आभार जताया, जिन्होंने उनकी प्रतिभा पर भरोसा किया। उन्होंने कहा कि भले ही टेस्ट क्रिकेट में उनकी आखिरी गेंद फेंकी जा चुकी है, लेकिन देश के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में रहेगा। शमी ने अभी वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है।




















