Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

परिसीमन विधेयक पर भाजप ने की बड़ी तैयारी; राज्यों के सांसदों को डिनर पर समझाएगी बिल के प्रावधान, शाह-नवीन बना रहे रणनीति

परिसीमन विधेयक को संसद में पेश करने से पहले भाजपा ने सांसदों को एकजुट करने और विधेयक की जानकारी देने की तैयारी तेज कर दी है। बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और पूर्वोत्तर सहित विभिन्न राज्यों के सांसदों की केंद्रीय मंत्रियों के आवास पर बैठकें बुलाई गई हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास पर अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित वरिष्ठ नेताओं ने विधेयक पर रणनीति बनाई।
परिसीमन विधेयक पर भाजप ने की बड़ी तैयारी; राज्यों के सांसदों को डिनर पर समझाएगी बिल के प्रावधान, शाह-नवीन बना रहे रणनीति
फाइल फोटो

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश करने से पहले भाजपा ने राजनीतिक और संसदीय स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विधेयक को लेकर सांसदों के बीच एकराय बनाने और इसके प्रावधानों की जानकारी देने के लिए पार्टी ने अलग-अलग राज्यों के सांसदों की बैठकें बुलाई हैं। इन बैठकों का आयोजन संबंधित राज्यों के केंद्रीय मंत्रियों के आवास पर रात्रिभोज के साथ किया जाएगा। भाजपा की कोशिश है कि विधेयक संसद में पेश होने से पहले सांसदों को इसकी पूरी जानकारी हो और पार्टी की रणनीति को लेकर स्पष्टता बनी रहे।

बिहार, यूपी से बंगाल और राजस्थान तक सांसदों की अलग-अलग बैठकें 

भाजपा की योजना के मुताबिक, बिहार के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आवास पर होगी। उत्तर प्रदेश के सांसद केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के यहां जुटेंगे, जबकि पश्चिम बंगाल के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के आवास पर रखी गई है। पूर्वोत्तर राज्यों के सांसद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के आवास पर बैठक करेंगे। इसी तरह राजस्थान के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और आंध्र प्रदेश के सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू के आवास पर होगी। इन बैठकों में परिसीमन विधेयक के प्रावधानों और संसद में पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

ये भी पढ़ें: संसद सत्र से पहले PM मोदी ने जारी किया दूसरा वीडियो, बोले-दलहित देशहित से बड़ा होने पर नारी शक्ति भुगतती है खामियाजा

PM आवास पर अमित शाह और नितिन नवीन के साथ उच्चस्तरीय मंथन 

संसद में विधेयक पेश होने से पहले प्रधानमंत्री आवास पर भी भाजपा और सरकार के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ मंत्री शामिल हुए। बैठक में परिसीमन विधेयक के विभिन्न पहलुओं, संसदीय रणनीति और आगे की राजनीतिक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी संगठन और संसदीय दल के स्तर पर समन्वय बनाकर आगे बढ़ने की रणनीति तैयार कर रही है।

2029 के चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी, लोकसभा में 850 सीटों का प्रस्ताव 

केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े तीन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 और संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक 2026 शामिल हैं। प्रस्तावित व्यवस्था का उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है। इसके लिए लोकसभा की अधिकतम सीटों की सीमा 550 से बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव है। सरकार का मानना है कि 2027 की जनगणना के बाद परिसीमन प्रक्रिया में लगने वाले समय को देखते हुए विधायी प्रक्रिया आगे बढ़ाना जरूरी है। 

ये भी पढ़ें: परिसीमन बिल पर DMK के समर्थन के बीच स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचे विपक्षी नेता, स्टालिन पहुंच गए मां से मिलने अस्पताल

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts