NDPS केस में हाईकोर्ट ने कहा - अपराध कितना भी गंभीर हो, नाबालिग की जमानत नहीं रोक सकते

इंदौर। नशे की तस्करी के गंभीर आरोपों में घिरे किसी नाबालिग को सिर्फ इसलिए जमानत से वंचित नहीं किया जा सकता कि उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट जैसी सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज है। बच्चों के अधिकारों और उनके सुधार को प्राथमिकता देते हुए मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि किशोर न्याय अधिनियम के तहत नाबालिग को जमानत देना सामान्य नियम है, जबकि उसे जमानत नहीं देना विशेष परिस्थितियों में ही संभव है। इसी कानूनी आधार पर हाईकोर्ट ने 17 साल 5 महीने के किशोर को जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।
न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने अपने फैसले में कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत जमानत के लिए मौजूद कठोर प्रावधान किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 12 पर हावी नहीं हो सकते। यानी किसी किशोर पर नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराध का आरोप होने मात्र से उसकी जमानत का रास्ता बंद नहीं किया जा सकता। अदालत ने किशोर न्याय बोर्ड और अपीलीय न्यायालय द्वारा पहले जमानत खारिज किए जाने के आदेशों को निरस्त कर दिया।
ये भी पढ़ें: पंजाब में AAP को बड़ा झटका, विधायक चरणजीत सिंह ने थामा अकाली दल का दामन
वयस्क साथी के साथ डोडा-चूरा रखने का था आरोप
पूरा मामला मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने 7 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 17 साल 5 महीने के किशोर को गिरफ्तार किया था। पुलिस का आरोप था कि किशोर और उसके एक वयस्क साथी के संयुक्त कब्जे से 20 किलो 600 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ था। इसमें से 6 किलो 350 ग्राम डोडा-चूरा किशोर के व्यक्तिगत कब्जे से मिलने की बात कही गई थी।गिरफ्तारी के बाद किशोर की ओर से जमानत के लिए किशोर न्याय बोर्ड में आवेदन पेश किया गया, लेकिन 18 सितंबर को बोर्ड ने इसे खारिज कर दिया। इसके बाद राहत पाने के लिए सेशन कोर्ट में अपील की गई। वहां भी 24 सितंबर को याचिका निरस्त कर दी गई। लगातार दो अदालतों से निराशा मिलने के बाद किशोर ने अपनी मां के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर जमानत की मांग की।
ये भी पढ़ें: संसद सत्र से पहले PM मोदी ने जारी किया दूसरा वीडियो, बोले-दलहित देशहित से बड़ा होने पर नारी शक्ति भुगतती है खामियाजा
जमानत रोकने के लिए बताने होंगे ठोस कानूनी कारण
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान किशोर न्याय अधिनियम की धारा 12 के प्रावधानों पर विशेष जोर दिया। अदालत ने कहा कि कानून में नाबालिग को जमानत देने से इनकार करने के लिए केवल तीन विशेष परिस्थितियां निर्धारित की गई हैं। इनमें से किसी एक परिस्थिति का होना और उसके समर्थन में ठोस आधार मिलना जरूरी है।अदालत के अनुसार, यदि किशोर की रिहाई के बाद उसके किसी ज्ञात अपराधी के संपर्क में आने की आशंका है, या उसके नैतिक, शारीरिक अथवा मानसिक रूप से खतरे में पड़ने की संभावना है, अथवा उसकी रिहाई से न्याय के उद्देश्य प्रभावित होने का खतरा है, तभी जमानत से इनकार करने पर विचार किया जा सकता है।कोर्ट ने साफ किया कि जमानत खारिज करने वाले आदेश में इन आशंकाओं के समर्थन में उचित तथ्य और स्पष्ट कारण दर्ज होने चाहिए। केवल अपराध की गंभीरता का हवाला देना या भविष्य में दोबारा अपराध होने की सामान्य आशंका जताना किसी किशोर को हिरासत में रखने के लिए पर्याप्त नहीं है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के गांधी नगर मार्केट में कपड़े की दुकान और गोदाम में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची
सामाजिक जांच रिपोर्ट ने भी दी राहत की जमीन
हाईकोर्ट ने किशोर की सामाजिक जांच रिपोर्ट को भी फैसले का महत्वपूर्ण आधार बनाया। रिपोर्ट में बताया गया था कि किशोर के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उसे आदतन अपराधी या पेशेवर अपराधी की श्रेणी में भी नहीं रखा गया था।इसके अलावा संप्रेक्षण गृह में रहने के दौरान उसका व्यवहार भी संतोषजनक पाया गया। रिपोर्ट में माता-पिता के नियंत्रण में कमी और वयस्कों की संगत का जिक्र जरूर था, लेकिन ऐसे गंभीर प्रतिकूल तथ्य सामने नहीं आए, जिनके आधार पर उसकी रिहाई को कानून में निर्धारित अपवादों के तहत रोकना जरूरी हो।अदालत ने माना कि किशोर के सुधार और पुनर्वास की संभावनाओं को भी ध्यान में रखना जरूरी है। उसे लंबे समय तक संप्रेक्षण गृह में रखना तभी उचित होगा, जब इसके लिए कानून में निर्धारित पर्याप्त आधार मौजूद हों।
ये भी पढ़ें: किश्तवाड़ में शहीद 2 एसपीओ के परिजनों को मिली सरकारी नौकरी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सौंपे नियुक्ति पत्र
मां को मिली बेटे की निगरानी की जिम्मेदारी
हाईकोर्ट ने यह भी गौर किया कि किशोर की मां उसकी देखभाल और जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं। अदालत के मुताबिक, जब परिवार किशोर की निगरानी करने को तैयार है और सामाजिक जांच रिपोर्ट में भी गंभीर आपराधिक प्रवृत्ति के संकेत नहीं मिले हैं, तब उसे लंबे समय तक संप्रेक्षण गृह में रखना किशोर न्याय कानून के मूल उद्देश्य के अनुकूल नहीं होगा।इसी आधार पर अदालत ने किशोर को जमानत देने का आदेश दिया। साथ ही उसकी मां को निर्देशित किया कि वह बेटे की उचित देखभाल करें और यह सुनिश्चित करें कि वह किसी भी अपराधी के संपर्क में न आए।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में मिला अज्ञात युवक का शव, कटनी साउथ स्टेशन पर जीआरपी ने उतारा
रिहाई के साथ अदालत ने लगाईं ये शर्तें
हाईकोर्ट ने जमानत देते समय किशोर के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी तय की हैं। उसे प्रत्येक पेशी पर किशोर न्याय बोर्ड के सामने उपस्थित होना होगा। इसके अलावा वह बिना अनुमति संबंधित क्षेत्राधिकार से बाहर नहीं जा सकेगा। उसकी मां को भी उसके व्यवहार और गतिविधियों पर निगरानी रखनी होगी, ताकि वह दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल न हो।




















