Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भारत-साइप्रस ब्रह्मोस मिसाइल डील की आहट से परेशान हुआ तुर्की, UNSC में दर्ज कराई आपत्ति

साइप्रस को भारत की ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों की संभावित बिक्री को लेकर तुर्की ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में चिंता जताई है। भारत, साइप्रस और ग्रीस के बढ़ते रक्षा सहयोग को अंकारा पूर्वी भूमध्य सागर के सैन्य संतुलन के लिए चुनौती मान रहा है।
भारत-साइप्रस ब्रह्मोस मिसाइल डील की आहट से परेशान हुआ तुर्की, UNSC में दर्ज कराई आपत्ति
ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल

नई दिल्ली। भारत और साइप्रस के बीच ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों की संभावित खरीद को लेकर चर्चा ने तुर्की की चिंता बढ़ा दी है। इस मामले में अंकारा ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) तक अपनी आपत्ति पहुंचाई है। तुर्की का मानना है कि साइप्रस का भारत समेत इजराइल और ग्रीस के साथ बढ़ता रक्षा सहयोग पूर्वी भूमध्य सागर में क्षेत्रीय स्थिरता को प्रभावित कर सकता है।

भारत और साइप्रस के रक्षा संबंधों को पिछले साल मई में रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद से साइप्रस की राजधानी निकोसिया ने ब्रह्मोस मिसाइलों में दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, अभी तक इस संभावित खरीद को लेकर दोनों देशों के बीच कोई आधिकारिक समझौता नहीं हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में ब्रह्मोस मिसाइलों के इस्तेमाल और उनके प्रभाव को देखने के बाद तुर्की इस संभावित सौदे को लेकर सतर्क है। इसी मुद्दे पर अंकारा ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर अपनी चिंता जाहिर की है।

तुर्की ने UNSC को भेजे पत्र में ब्रह्मोस डील का किया उल्लेख

संयुक्त राष्ट्र में तुर्की के स्थायी प्रतिनिधि अहमद यिल्दिज ने महासचिव को एक पत्र भेजा था। इसमें भारत और साइप्रस के बीच ब्रह्मोस मिसाइलों की संभावित खरीद का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। यह पत्र 2 नवंबर को लिखा गया था और 4 नवंबर को संयुक्त राष्ट्र के आधिकारिक दस्तावेज के रूप में जारी किया गया। इसके माध्यम से तुर्की ने इस मुद्दे पर अपनी आपत्तियां संयुक्त राष्ट्र के रिकॉर्ड में दर्ज कराईं। पत्र में कहा गया कि मई 2026 में ग्रीक साइप्रियट नेता निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स की नई दिल्ली यात्रा के बाद दोनों देशों के रणनीतिक संबंध और मजबूत हुए हैं। इसके साथ ही करीब 650 किलोमीटर तक मार करने वाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों की खरीद के लिए बातचीत और तैयारियों की खबरें भी सामने आई हैं।

इन देशों का ब्रह्मोस में इंट्रेस्ट

  • फिलीपींस ब्रह्मोस खरीदने वाला पहला देश है। उसे लगभग 37.5 करोड़ डॉलर का सौदा हुआ और मिसाइल की आपूर्ति की जा चुकी है।
  • इंडोनेशिया लगभग 200 मिलियन डॉलर के समझौते/आपूर्ति की खबरें सामने आई हैं।
  • वियतनाम के साथ लगभग 100 मिलियन डॉलर के शुरुआती सौदे और निर्यात समझौते को लेकर प्रगति हुई है।
  • थाईलैंड भी अब भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहा है।

साइप्रस में ब्रह्मोस मिसाइलों की तैनाती से क्यों परेशान है तुर्की

तुर्की के दक्षिणी तट के नजदीक स्थित साइप्रस में ब्रह्मोस मिसाइलों की संभावित तैनाती को अंकारा अपने क्षेत्रीय हितों के लिए चुनौती मान रहा है। भारत और रूस के संयुक्त सहयोग से विकसित ब्रह्मोस मिसाइल मैक-3 की रफ्तार से उड़ान भर सकती है। इसकी तेज गति और समुद्र की सतह के बेहद करीब उड़ने की क्षमता इसे एक प्रभावशाली सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल बनाती है। तुर्की की चिंता है कि साइप्रस में ऐसी मिसाइलों की मौजूदगी से पूर्वी भूमध्य सागर में उसका नौसैनिक प्रभाव और समुद्री क्षेत्र से जुड़े दावे प्रभावित हो सकते हैं। ब्रह्मोस की गति और उड़ान की विशेषताओं के कारण इसे रोकना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इससे क्षेत्र में मौजूद सैन्य हवाई सुरक्षा और मिसाइल रक्षा प्रणालियों पर भी दबाव बढ़ सकता है। तुर्की को आशंका है कि इस तरह की सैन्य क्षमता क्षेत्र के मौजूदा शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकती है।

भारत-साइप्रस-ग्रीस की बढ़ती नजदीकी को तुर्की के खिलाफ संतुलन मान रहे विशेषज्ञ

तुर्की के रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि भारत, साइप्रस और ग्रीस के बीच मजबूत होते सैन्य और रणनीतिक संबंध एक नए भू-राजनीतिक समीकरण को जन्म दे सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह साझेदारी पाकिस्तान को तुर्की की ओर से मिलने वाली सैन्य सहायता के मुकाबले एक रणनीतिक संतुलन यानी काउंटरवेट के रूप में काम कर सकती है। दरअसल, पिछले कुछ समय से भारत और तुर्की के संबंधों में तनाव बढ़ा है। इसकी प्रमुख वजह पाकिस्तान के साथ अंकारा का लगातार बढ़ता सैन्य सहयोग माना जाता है। पिछले साल हुए संघर्ष के दौरान भी तुर्की ने पाकिस्तान को उन्नत मानवरहित हवाई वाहन (UAV) और लोइटरिंग म्यूनिशन यानी हवा में मंडराने वाले हथियार उपलब्ध कराए थे। ऐसे में भारत और साइप्रस के बीच ब्रह्मोस मिसाइलों की संभावित खरीद को लेकर तुर्की की चिंता केवल एक रक्षा सौदे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूर्वी भूमध्य सागर में बदलते रणनीतिक और सैन्य समीकरणों से भी जुड़ी हुई है।

ऑपरेशन सिंदूर में दिखी थी ब्रह्मोस की ताकत

पिछले साल 2025 में पहलगाम हमले के बाद जब भारत ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान पर हमला करके ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। तब पूरी दुनिया ने ब्रह्मोस की ताकत देखी थी। ब्रह्मोस आसानी से दुश्मन के रडार को चकमा दे सकती है और मैक 2.8 से 3.0 की सुपरसोनिक रफ्तार की वजह से कोई भी एयर डिफेंस सिस्टम इसे ट्रैक नहीं कर सकता है। इसने पाकिस्तान के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले किराना हिल्स को भी निशाना बना दिया था।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts