मानसून का रौद्र रूप! दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश, IMD का अलर्ट

नई दिल्ली। मानसून की सक्रियता के बीच बुधवार को देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और यातायात की परेशानी सामने आ सकती है।
बारिश के साथ बढ़ेगी परेशानी
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज बादल छाए रहने के साथ बारिश होने का अनुमान है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर सकता है और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है।
ये भी पढ़ें: रसमलाई खाने को लेकर भिड़े देवर-भाभी, कहासुनी के बाद किया कैंची से हमला, पति-पत्नी घायल
आंधी और तेज बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम खराब रहने का अनुमान है। कानपुर, नोएडा, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली जैसे इलाकों में बारिश के साथ आंधी आ सकती है। कुछ जगहों पर हवा 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। लखनऊ में भी बादल और बारिश के साथ तापमान 36 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। बिहार में पटना, बक्सर, भोजपुर, गया, वैशाली, सीवान, चंपारण, मधुबनी, किशनगंज और बेगूसराय समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। यहां हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम
राजस्थान में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर कई जिलों में दिखाई दे सकता है। जयपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, टोंक और चित्तौड़गढ़ जैसे इलाकों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, खंडवा, छिंदवाड़ा, पन्ना और श्योपुर समेत कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का दौर रह सकता है। भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है।
पहाड़ों में फ्लैश फ्लड का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण खतरा बढ़ गया है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और चंपावत जैसे इलाकों में तेज बारिश और हवाओं की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में कम समय में ज्यादा बारिश होने से नाले और छोटी नदियां अचानक उफान पर आ सकती हैं। इससे फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। चमोली में हाल में तेज बारिश के बाद अचानक पानी बढ़ने से हालात बिगड़ चुके हैं। ऐसे में पहाड़ों पर रहने वाले लोगों और वहां यात्रा करने वालों को मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेना चाहिए।
आखिर क्यों बिगड़ा मौसम?
मौसम में बदलाव की बड़ी वजह उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र है। इसके साथ मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है।
ये भी पढ़ें: Blinkit पर FDA का बड़ा एक्शन, स्टोर का लाइसेंस सस्पेंड; कॉकरोच, गंदगी और एक्सपायर्ड सामान मिला
तेज बारिश में सावधानी जरूरी
आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान में जाने से बचना चाहिए। पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर इमारतों से दूरी रखना जरूरी है। जिन रास्तों पर पानी तेजी से भर रहा हो, वहां वाहन लेकर जाने से बचें। पहाड़ी इलाकों में नदी, नाले या भूस्खलन वाले रास्तों के पास जाना खतरनाक हो सकता है। घर से निकलने से पहले स्थानीय मौसम अपडेट जरूर देख लें।










