तिलक नगर गोलीकांड:जेल से छूटते ही बदमाश ने की फायरिंग, आरोपी की तलाश में पुलिस

इंदौर - तिलक नगर इलाके में शनिवार शाम हुए गोलीकांड ने शहर में गैंगवार की आशंका बढ़ा दी है। बदमाशों ने भाऊ गैंग से जुड़े बताए जा रहे अमित जादौन पर खुलेआम फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी अमित उर्फ बकरी राजावत और उसके साथी उत्तम की तलाश में देर रात तक कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन दोनों फरार हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अमित उर्फ बकरी राजावत निवासी तपेश्वरी बाग और उत्तम निवासी एरोड्रम ने अमित जादौन को निशाना बनाकर गोली चलाई। वारदात के बाद पुलिस टीमों ने एरोड्रम और खजराना क्षेत्र में छापेमारी की, लेकिन आरोपी अपने घरों से गायब मिले। परिवार वालों ने भी पुलिस को बताया कि दोनों घटना के बाद घर नहीं लौटे। पुलिस को उनकी लोकेशन शहर से बाहर मिलने की जानकारी मिली है।
और पढ़ें: भोपाल: टिंबर मार्केट में लगी भीषण आग, 20 फीट तक उठीं लपटें
गैंग वर्चस्व को लेकर बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमित जादौन और उसके कुछ साथी भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि विवाद गैंग के वर्चस्व और इलाके में दबदबे को लेकर हुआ। शनिवार को अमित जादौन अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचा था, जबकि दूसरी ओर आरोपी पहले से हमला करने की तैयारी में थे। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले को वाहन खड़ा करने के विवाद से जोड़कर जांच कर रही है, लेकिन घटनाक्रम और दोनों पक्षों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए गैंगवार की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा।
फायरिंग के बाद बदमाशों की पिटाई
गोली चलने के बाद अमित जादौन के साथियों ने आरोपी बकरी राजावत और उसके साथियों की जमकर पिटाई भी की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
और पढ़ें: मध्यप्रदेश में 3 IPS अफसरों के तबादले! गृह विभाग ने जारी किए आदेश, कई जिलों में बदली जिम्मेदारियां
दोनों पक्षों पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार घायल अमित जादौन पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी बकरी उर्फ अमित राजावत पर करीब दो दर्जन अपराध दर्ज बताए जा रहे हैं। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक वह आकाश बकरी गैंग से जुड़ा हुआ है, जबकि उसका साथी उत्तम भी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।
अवैध हथियार की जांच
फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल अवैध बताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक हथियार कैसे पहुंचा। दूसरी ओर भाऊ गैंग से जुड़े लोग भी पुलिस से पहले बकरी राजावत और उसके साथी की तलाश में जुटे हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो मामला गैंगवार में बदल सकता है।












