खेत में अचानक घुसा तेंदुआ :14 साल के सत्यम खुद को बचाने भिड़ा, हाथ- पैर में चोटें, वन विभाग ने कराया इलाज

सोहागपुर। पिपरिया विकासखंड के कुर्सी खापा गांव में शनिवार रात एक 14 वर्षीय बालक ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए तेंदुए के हमले से खुद को बचा लिया। खेत के पास बने कुएं पर खेल रहे बालक सत्यम ठाकुर पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया, लेकिन बच्चे ने घबराने के बजाय तेंदुए की गर्दन पकड़ ली और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। परिवार के लोगों के पहुंचने और शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
जानकारी के अनुसार कुर्सीखापा निवासी सत्यम ठाकुर शनिवार शाम करीब 7:30 बजे घर के पास खेत में बने कुएं के पास खेल रहा था। इसी दौरान पेड़ों और झाड़ियों के बीच छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने सत्यम को दबोचने का प्रयास किया, लेकिन सत्यम ने साहस दिखाते हुए तेंदुए की गर्दन पकड़ ली और पूरी ताकत से उसे धक्का दिया। संघर्ष के दौरान तेंदुए ने सत्यम के पेट, हाथ और पैरों में पंजों से हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं।
मैं डरा नहीं, तेंदुए का गला दबा दिया
अस्पताल में भर्ती सत्यम ने बताया कि वह कुएं के पास गया था, तभी अचानक तेंदुआ आ गया और उसकी गर्दन पकड़ने लगा। उसने डरने के बजाय तेंदुए की गर्दन पकड़ ली और जोर से दबाया। इसी दौरान वह लगातार चिल्लाता रहा। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
यह भी पढ़ें: मोहन सरकार का बड़ा ऐलान: भैरूंदा से 1763 करोड़ की सड़क परियोजना शुरू, विकास को मिली रफ्तार
जंगल से सटा है खेत
सत्यम के पिता महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि उनका खेत जंगल से सटा हुआ है और घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर कुआं बना हुआ है। हल्का अंधेरा होने के कारण शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब बच्चे की आवाज सुनी तो पूरा परिवार दौड़कर मौके पर पहुंचा। उन्होंने बताया कि जब वे पहुंचे तो सत्यम तेंदुए की गर्दन पकड़े खड़ा था। परिवार के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया।
वन विभाग ने कराया बच्चे का इलाज
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पिपरिया के सहायक संचालक आशीष खोपरागड़े ने बताया कि कुर्सीखापा बीट क्षेत्र में तेंदुए के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बच्चे को परिजनों सहित अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया गया है। साथ ही राहत राशि भी प्रदान की गई है तथा आगे भी हर संभव सहायता दी जाएगी।











