PlayBreaking News

भोपाल:टिंबर मार्केट में लगी भीषण आग, 20 फीट तक उठीं लपटें

भोपाल शहर के टिंबर मार्केट में भीषण आग लग गई। लकड़ी की एक दुकान में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि लपटें करीब 20 फीट तक ऊपर उठने लगीं।
Follow on Google News
टिंबर मार्केट में लगी भीषण आग, 20 फीट तक उठीं लपटें

भोपाल शहर के बीचोंबीच स्थित टिंबर मार्केट में रविवार दोपहर फिर भीषण आग लग गई। लकड़ी की एक दुकान में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि लपटें करीब 20 फीट तक ऊपर उठने लगीं। आग के ठीक पीछे रेलवे ट्रैक होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज हवा के कारण आग लगातार फैलती रही और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया जा सका।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना बरखेड़ी ऑटो स्टैंड के पास स्थित टिंबर मार्केट की है। दोपहर करीब 2 बजे एक दुकान में अचानक आग लग गई जिसके बाद लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलने लगी। प्रत्यक्षदर्शी आरिफ मिर्जा के मुताबिक शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात सामने आई है। बताया गया कि टीन शेड में करंट फैल गया था। सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत बिजली कनेक्शन काटा गया।

दमकल को शुरुआत में हुई परेशानी

आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं लेकिन शुरुआती समय में पाइप ठीक से नहीं लग पाने के कारण आग बुझाने में दिक्कत आई। इसके चलते आग और फैल गई। बाद में दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। घटना के दौरान रेलवे ट्रैक से ट्रेनें गुजरती रहीं, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों को बेहद सावधानी के साथ निकाला गया।

मेट्रो प्रोजेक्ट के कारण होना है टिंबर मार्केट शिफ्ट

जिस दुकान में आग लगी उसे मेट्रो प्रोजेक्ट के चलते शिफ्ट किया जा रहा था। दरअसल, पातरा पुल क्षेत्र का यह टिंबर मार्केट मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट के लिए बड़ी बाधा माना जा रहा है। करीब डेढ़ साल से टिंबर मार्केट को दूसरी जगह शिफ्ट करने की कवायद चल रही है। इसके लिए 18 एकड़ जमीन और करीब 5.85 करोड़ रुपए भी आवंटित किए जा चुके हैं लेकिन अब तक मार्केट पूरी तरह शिफ्ट नहीं हो सका है।

ये भी पढ़ें: सागर: शराब दुकान पर बवाल, कर्मचारियों की पिटाई से दो युवकों की मौत; गुस्साई भीड़ ने लगाई आग

पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे

यह पहला मौका नहीं है जब टिंबर मार्केट में आग लगी हो। साल 2016 में भी यहां भीषण आग लगी थी जिसमें तीन आरा मशीनों में लगी आग को बुझाने में 36 दमकलों को करीब 4 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी थी। पिछले साल भी यहां आगजनी की घटना हुई थी। रविवार को हुई आग में भी इलाके में लंबे समय तक दहशत का माहौल बना रहा।

ये भी पढ़ें: कोटा मेडिकल कॉलेज: सीजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की बिगड़ी हालत, 10 महिलाओं की किडनी फेल

108 आरा मशीनों वाला बाजार बना खतरे का केंद्र

पातरा पुल इलाके में स्थित इस टिंबर मार्केट में करीब 108 आरा मशीनें संचालित होती हैं। लकड़ी और ज्वलनशील सामग्री की वजह से यह इलाका हमेशा आग के खतरे से घिरा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार हादसों के बावजूद अब तक टिंबर मार्केट को शिफ्ट नहीं किया जाना चिंता का विषय है।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

मास कम्युनिकेशन में Ph.D और M.Phil पूर्ण की है तथा टीवी और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts