Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर: सुविधाएं नहीं मिलने पर रहवासियों का फूटा गुस्सा; कॉलोनाइजर के घर हंगामा, पत्नी करती रही गुमराह

सीहोर की न्यू चाणक्यपुरी कॉलोनी में पांच साल पहले प्लॉट खरीदकर मकान बनाने वाले रहवासी अब तक बिजली और पक्की नालियों जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। करीब 200 प्लॉट बिकने के बावजूद विकास कार्य अधूरे हैं। नाराज रहवासियों ने रविवार को कॉलोनाइजर दीपक चौहान के घर पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सीहोर: सुविधाएं नहीं मिलने पर रहवासियों का फूटा गुस्सा; कॉलोनाइजर के घर हंगामा, पत्नी करती रही गुमराह
सीहोर। न्यू चाणक्यपुरी कॉलोनी में सुविधाएं नहीं मिलने पर रहवासियों ने बिल्डर के घर पहुंचकर प्रदर्शन किया।

सीहोर। कॉलोनाइजरों की मनमानी और जिम्मेदारों की कथित लापरवाही का खामियाजा आम नागरिक किस तरह भुगत रहे हैं, इसकी तस्वीर रविवार को न्यू चाणक्यपुरी कॉलोनी के रहवासियों के प्रदर्शन में सामने आई। पांच साल पहले प्लॉट खरीदकर अपने आशियाने बनाने वाले परिवार आज भी बिजली और नालियों जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भटक रहे हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्याएं जस की तस रहने से आक्रोशित रहवासी करीब छह किलोमीटर का सफर तय कर कॉलोनाइजर दीपक चौहान के घर पहुंच गए। यहां जमकर नारेबाजी हुई और देखते ही देखते मामला हाई-वोल्टेज हंगामे में बदल गया।

पांच साल में 200 प्लॉट बिके, लेकिन सुविधाओं के नाम पर सन्नाटा

न्यू चाणक्यपुरी कॉलोनी समिति के अध्यक्ष चेतन भदौरिया, राहुल वर्मा, कुलदीप विश्वकर्मा और रहवासी हिमांशु राठौर सहित अन्य लोगों ने बताया कि कॉलोनी में करीब 200 प्लॉट काटे गए थे, जिनकी रजिस्ट्रियां भी हो चुकी हैं। वर्तमान में यहां 50 से 100 मकान बन चुके हैं और दर्जनों परिवार निवास कर रहे हैं। आरोप है कि प्लॉट बेचते समय कॉलोनाइजर दीपक चौहान  ने बिजली, पक्की नालियों और अन्य विकास कार्यों के बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन पांच साल गुजरने के बाद भी ये वादे धरातल पर नहीं उतर सके। सवाल यह है कि जब प्लॉट बेचने और पैसा लेने में तेजी दिखाई गई तो सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाने में इतनी देरी क्यों हो रही है?

बिजली के नाम पर खंभे खड़े, नालियां गायब

रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में बिजली व्यवस्था के नाम पर केवल खंभे खड़े कर लोकल वायरिंग डाल दी गई है। स्थायी बिजली कनेक्शन की समस्या आज भी बनी हुई है। निर्माण कार्य करने वाला ठेकेदार भी काम अधूरा छोड़कर चला गया। दूसरी ओर, जल निकासी के लिए पक्की नालियां नहीं होने से गंदगी और जलभराव की परेशानी बनी रहती है। रहवासियों का कहना है कि अपने जीवनभर की कमाई लगाकर मकान बनाने के बावजूद उन्हें सामान्य सुविधाएं तक नसीब नहीं हो रही हैं।

Breaking News

दीपक घर में मौजूद, पत्नी ने बताया वृंदावन में!

रविवार सुबह करीब 8 बजे रहवासी कॉलोनी में एकत्र हुए और करीब 9:30 बजे प्रदर्शन करते हुए स्वामी नारायण मंदिर के सामने स्थित दीपक चौहान के निवास पर पहुंच गए। रहवासियों के मुताबिक, करीब आधे घंटे तक बाहर खड़े रहने के बावजूद कोई बातचीत के लिए सामने नहीं आया। इसके बाद दीपक चौहान की पत्नी बाहर आईं। आरोप है कि उन्होंने रहवासियों को बताया कि दीपक चौहान वृंदावन गए हुए हैं। इस दौरान महिला द्वारा रहवासियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया।

छोटे भाई ने खोली पोल, बोले-भैया ऊपर ही हैं

प्रदर्शन के दौरान उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब दीपक चौहान के छोटे भाई देवेंद्र चौहान नीचे आए। रहवासियों के अनुसार, उन्होंने बताया कि भैया घर के ऊपर ही मौजूद हैं और समिति के चार-पांच सदस्यों से ऊपर बैठकर बातचीत करेंगे। इसके बाद रहवासियों ने सवाल उठाया कि जब कॉलोनाइजर घर में ही मौजूद थे तो उन्हें वृंदावन जाने की बात क्यों बताई गई? इस घटनाक्रम ने पहले से नाराज रहवासियों का गुस्सा और बढ़ा दिया।

ये भी पढ़ें: सीहोर में बिजली के झूलते तारों से किसानों की मौत का मामला, मानवाधिकार आयोग ने मांगा जवाब

अब आश्वासन नहीं, जमीन पर काम चाहिए

हंगामे के बाद कॉलोनाइजर पक्ष की ओर से समिति के प्रमुख सदस्यों को चर्चा के लिए बुलाए जाने और समस्याओं के स्थायी समाधान का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि रहवासियों का साफ कहना है कि अब उन्हें मौखिक वादे नहीं, बल्कि बिजली और नालियों का काम शुरू होता हुआ दिखाई देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

प्रशासन की भूमिका पर भी उठे सवाल

इस पूरे मामले ने नगर प्रशासन और कॉलोनी से जुड़े जिम्मेदार विभागों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किस आधार पर कॉलोनी में विकास कार्य अधूरे रहने के बावजूद परिवारों को वहां बसने की नौबत आई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने कभी मौके पर जाकर सुविधाओं की वास्तविक स्थिति देखी? अब देखना होगा कि प्रशासन रहवासियों की शिकायत पर जांच और कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी आश्वासनों के बीच दबकर रह जाएगा।

ये भी पढ़ें: कुबेरेश्वरधाम में 17 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव, भगवान गिरिराज को चढ़ेगा 108 प्रकार का भोग; शुगर फ्री मिठाइयां भी बनेंगी

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts