ISI मॉड्यूल से जुड़े MP के तीन युवक गिरफ्तार:मंदिर और सैन्य कैंप थे निशाने पर, पाकिस्तान को भेजी जा रही थीं संवेदनशील तस्वीरें

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मध्यप्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार कर एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थे और दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे के एक प्रसिद्ध ढाबे तथा हरियाणा के सैन्य कैंप को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीकमगढ़ जिले के नेगुवां गांव निवासी अनमोल राय (24), ग्वालियर के डबरा निवासी राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की टीम ने तीनों को उनके गांवों से गिरफ्तार कर दिल्ली ले गई।
मोबाइल फोन से मिले संदिग्ध ई-मेल और विदेशी संपर्क
स्पेशल सेल के एसीपी पीएस कुशवाहा के अनुसार शुरुआती जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संदिग्ध ई-मेल और विदेशी नंबरों से संपर्क के सबूत मिले हैं। ऑडियो और वीडियो कॉल रिकॉर्ड्स से भी संदिग्ध बातचीत की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली और हरियाणा के संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स तक भेजे गए थे। अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों को इस काम के बदले क्या आर्थिक या अन्य मदद मिली थी।
दिल्ली के ऐतिहासिक मंदिर की हुई थी रेकी
जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरफ्तार युवकों में से एक ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। मंदिर परिसर और वहां तैनात पुलिस व अर्धसैनिक बलों की तस्वीरें पाकिस्तान भेजी गई थीं। पुलिस का दावा है कि मॉड्यूल की योजना मंदिर परिसर में हमला कर दहशत फैलाने की थी। इसके लिए फायरिंग और अन्य हमलों की रणनीति तैयार की जा रही थी।
दिल्ली-सोनीपत हाईवे के ढाबे पर ग्रेनेड अटैक की साजिश
स्पेशल सेल की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को दिल्ली-सोनीपत हाईवे स्थित एक बड़े ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने का टास्क दिया गया था। यह ढाबा रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाला स्थान माना जाता है। जांच एजेंसियों का मानना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके को निशाना बनाकर बड़े स्तर पर नुकसान और जनहानि की साजिश थी।
ये भी पढ़ें: श्योपुर: 23 दिन बाद कूनो लौटा चीता KAP-2, रणथंभौर से ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
हरियाणा के सैन्य कैंप की भी की गई थी रेकी
पुलिस के अनुसार हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की भी रेकी की गई थी। आरोपियों ने कैंप और आसपास के इलाकों के वीडियो रिकॉर्ड कर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि उत्तर प्रदेश के कुछ थाने भी मॉड्यूल के निशाने पर थे।
ये भी पढ़ें: प्यार में पागल 4 बच्चों की मां! नाराज गर्लफ्रेंड ने ब्लेड से काटा प्राइवेट पार्ट, प्रेमी को सड़क पर किया लहूलुहान
‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ में खुला मामला
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के तहत अलग-अलग राज्यों से शाहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 9 संदिग्ध ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया था। इन्हीं से पूछताछ के दौरान मध्यप्रदेश के तीन युवकों की भूमिका सामने आई। अब जांच एजेंसियां मॉड्यूल की फंडिंग, सीमा पार कनेक्शन और अन्य नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।












