वॉयजर 1 अब पृथ्वी से 1 प्रकाश-दिन दूरी पर पहुंचने के करीब, संदेश पहुंचने में लगेंगे पूरे 24 घंटे

पृथ्वी से रवाना होने के लगभग आधी सदी बाद नासा का वॉयजर इतनी दूर पहुंच रहा है कि इस तक कोई मैसेज यदि प्रकाश की गति से भेजा जाए तो उसे पहुंचने में 1 दिन लग जाएगा। इतना ही समय वहां से मैसेज वापस आने में भी लगेगा। । नासा के अनुसार, बुधवार को सुबह 5:16 बजे ET (10:16 GMT, 3:46 PM IST) पर यह अंतरिक्ष यान 26 अरब किलोमीटर की दूरी पार कर लेगा।
इस दूरी को ऐसे समझें
26 अरब किलोमीटर की दूरी पृथ्वी की भूमध्य रेखा (equator) के चारों ओर 6,50,000 से ज्यादा बार चक्कर लगाने के बराबर है। पृथ्वी का एक चक्कर लगाने में लगभग 40,000 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। लगभग 61,000 किलोमीटर प्रति घंटा की अपनी मौजूदा गति से, 'वॉयजर 1' अंतरतारकीय अंतरिक्ष (interstellar space) में आगे बढ़ रहा है। अंतरतारकीय अंतरिक्ष उस क्षेत्र से बहुत दूर है जहां सूर्य की सौर हवाओं (solar winds) का प्रभाव होता है।
क्यों खास है यह उपलब्धि
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि 'प्रकाश-दिन' (light-day) केवल यह नहीं बताता कि 'वॉयजर' कितने समय से यात्रा कर रहा है, बल्कि यह बताता है कि प्रकाश (light) खुद 24 घंटों में कितनी दूर तक जा सकता है (लगभग 26 अरब किलोमीटर)।
किसी प्लेन को लगते 3 हजार साल
इस दूरी को समझना काफी मुश्किल है। 900 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले किसी कमर्शियल विमान को इतनी दूरी तय करने में 3,000 साल से ज्यादा का समय लगेगा जबकि वॉयजर 1 ने इसे कुछ दशकों में पूरा कर लिया है। अपनी असाधारण गति के बावजूद इस अंतरिक्ष यान को एक लाइट-डे की दूरी तक पहुंचने में लगभग 49 साल लग गए हैं।
बिना गड़बड़ी के लगातार काम कर रहा है
किसी गाड़ी की तुलना में वॉयजर 1 न तो मेंटेनेंस के लिए रुक सकता है न ही किसी स्टेशन पर ईंधन भर सकता है, और न ही मरम्मत के लिए पृथ्वी पर वापस आ सकता है। इसमें न्यूक्लियर फ्यूल है। इसे सितंबर 1977 में लॉन्च किया गया था। कैल्टेक (Caltech) की स्पेस रेडिएशन लैबोरेटरी के सीनियर रिसर्च साइंटिस्ट और 1973 से वॉयजर प्रोग्राम से जुड़े वैज्ञानिक, एस्ट्रोफिजिसिस्ट एलन कमिंग्स ने इस जर्नी को एक इंजीनियरिंग उपलब्धि बताया है। कमिंग्स कहते हैं- वे इसे एक इंजीनियरिंग मील का पत्थर मानता हूं, जो वॉयजर 1 की अद्भुत लंबी उम्र को दर्शाता है। साथ ही, इतनी दूर होने के बावजूद वॉयजर 1 के साथ संपर्क बनाए रख पाना भी एक बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि है।




















