PlayBreaking News

गुना : बैलगाड़ी में प्रसूता को लाना पड़ा, कच्ची सड़क होने से गांव तक नहीं पहुंच पाई एम्बुलेंस, महिला की घर पर हुई डिलीवरी

Follow on Google News
गुना : बैलगाड़ी में प्रसूता को लाना पड़ा, कच्ची सड़क होने से गांव तक नहीं पहुंच पाई एम्बुलेंस, महिला की घर पर हुई डिलीवरी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुना। आजादी के 75 वर्षों बाद भी यदि किसी महिला को अपने नवजात शिशु के साथ बैलगाड़ी में अस्पताल ले जाया जाए, तो यह न केवल व्यवस्थाओं की विफलता है बल्कि एक गंभीर सवाल भी उठाता है।

    मध्य प्रदेश के गुना जिले की बमोरी विधानसभा के डामरा डेरा गांव से आई एक तस्वीर ने शासन-प्रशासन की विकास संबंधी दावों की पोल खोलकर रख दी है। गांव में सड़कों की बदहाल स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच न होना, एक बार फिर से आमजन के सामने आ चुका है।

    बैलगाड़ी से पहुंचाया गया एंबुलेंस तक

    डामरा डेरा गांव में बीते दिन एक महिला की घरेलू प्रसव के बाद स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। लेकिन बारिश और कीचड़ भरे कच्चे रास्तों की वजह से एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। मजबूरन, ग्रामीणों ने महिला और नवजात को बैलगाड़ी में बैठाकर कई किलोमीटर दूर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचाया।

    Twitter Post

    इस दर्दनाक सफर का वीडियो वायरल हो चुका है, जिसने सोशल मीडिया पर आमजन और जागरूक नागरिकों के बीच रोष और चिंता दोनों को जन्म दे दिया है।

    डामरा डेरा की छोटी सी आबादी

    गांव में 30 से 40 घर हैं और हर साल मानसून के दौरान यह इलाका दलदली मैदान में तब्दील हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश में पैदल निकलना भी मुश्किल होता है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमारों को अस्पताल तक पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती है। कई बार मरीज रास्ते में दम तोड़ देते हैं क्योंकि समय पर इलाज नहीं मिल पाता।

    बमोरी विधानसभा में आता है गांव

    डामरा डेरा गांव बमोरी विधानसभा में आता है, जहां से निर्वाचित विधायक दो बार मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वहीं, यहां के सांसद केंद्र सरकार में मंत्री पद पर भी आसीन हैं। बावजूद इसके, इस गांव में पक्की सड़क तक नहीं बनी है। यह विडंबना उस समय और भी त्रासद बन जाती है जब यह समझ आता है कि प्रशासनिक और राजनीतिक पहुंच के बावजूद इस छोटे से गांव को बुनियादी सुविधाएं तक नसीब नहीं हुईं।

    वीडियो वायरल होने के बाद जिम्मेदारों पर बढ़ा दबाव

    इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन पर दबाव बढ़ा है। अब उम्मीद की जा रही है कि यह वीडियो प्रशासन को नींद से जगाएगा और जल्द ही डामरा डेरा के लोगों को सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधाएं मिलने लगेंगी।

    ग्रामीणों ने की सड़क निर्माण की मांग

    ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है कि गांव तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। एंबुलेंस और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं बिना बाधा गांव तक पहुंच सकें। मानसून में कीचड़ और दलदल से निपटने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।

    (इनपुट – राजकुमार रजक)

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts