Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

थाईलैंड के स्कूल में 9वीं के छात्र की फायरिंग, शिक्षक समेत 2 की मौत, कई घायल

थाईलैंड के नॉनथाबुरी स्थित डेबसीरिन नोनथाबुरी स्कूल में 9वीं कक्षा के छात्र ने गोलीबारी कर दी। हमले में एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद हमलावर छात्र भी मृत मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले की वजह तलाश रही है।
थाईलैंड के स्कूल में 9वीं के छात्र की फायरिंग, शिक्षक समेत 2 की मौत, कई घायल

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास स्थित नॉनथाबुरी प्रांत के बांग क्रुआई जिले में शुक्रवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। डेबसीरिन नोनथाबुरी स्कूल में 9वीं कक्षा के एक छात्र ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी छात्र भी मृत मिला। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि उसने खुद अपनी जान ली या पुलिस की कार्रवाई के दौरान उसकी मौत हुई।

पुलिस ने की हमलावर की पहचान, 14 साल के आसपास थी उम्र

एक रिपोर्ट के मुताबिक, नॉनथाबुरी प्रांतीय पुलिस प्रमुख डेचरापी कोंगदी ने बताया कि हमलावर 9वीं कक्षा का छात्र था। थाईलैंड में इस कक्षा के छात्रों की उम्र आमतौर पर 14 वर्ष के आसपास होती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हमलावर की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और न ही घटना के पीछे की वजह का खुलासा किया है। जांच एजेंसियां छात्र की पृष्ठभूमि और संभावित कारणों की पड़ताल कर रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शी बोला- पहले लगा पटाखे चल रहे हैं

घटना के समय स्कूल में मौजूद 18 वर्षीय एक छात्र ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि शायद पटाखे फूट रहे हैं या कोई भारी चीज गिरने की आवाज आ रही है। उसने बताया कि पहले मुझे लगा कि यह बंदूक की आवाज नहीं है। फिर लगातार कई गोलियां चलीं। कुछ देर सन्नाटा रहा और उसके बाद दोबारा फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग के बाद पूरे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। छात्र और शिक्षक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर तुरंत पहुंची। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में एंबुलेंस स्कूल परिसर के बाहर खड़ी दिखाई दीं। कई छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार, चार घायल लोगों का इलाज जारी है।

Breaking News

थाईलैंड में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब थाईलैंड के किसी स्कूल में गोलीबारी हुई हो। इसी वर्ष फरवरी में दक्षिणी थाईलैंड के हात याई जिले के एक स्कूल में हुई फायरिंग में एक शिक्षक की मौत हो गई थी और एक छात्र घायल हुआ था। इसके अलावा अक्टूबर 2022 में नोंग बुआ लामफू प्रांत में एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने बंदूक और चाकू से हमला कर कई बच्चों समेत दर्जनों लोगों की हत्या कर दी थी। उस घटना ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया था।

सख्त गन कानून के बावजूद क्यों नहीं रुक रहीं घटनाएं?

थाईलैंड में हथियारों को लेकर कानून अपेक्षाकृत सख्त हैं। अवैध हथियार रखने पर 10 साल तक की जेल हो सकती है। इसके बावजूद दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में थाईलैंड उन देशों में शामिल है जहां नागरिकों के पास हथियार रखने की संख्या अपेक्षाकृत ज्यादा है। विशेषज्ञों का मानना है कि कानून सख्त होने के बावजूद हथियारों तक पहुंच और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे ऐसी घटनाओं को रोकने में बड़ी चुनौती बने हुए हैं।

Meta पर अमेरिकी कोर्ट का ₹9,030 करोड़ का जुर्माना, कहा- सोशल मीडिया से युवाओं की मेंटल हेल्थ पर पड़ा बुरा असर

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस ने स्कूल परिसर को सील कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि छात्र के पास हथियार कैसे पहुंचा, हमले का मकसद क्या था और क्या उसने पहले से इसकी योजना बनाई थी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts