Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रूस का यूरोप पर हमले का कोई इरादा नहीं, कहा- हम पर हमला हुआ तो जवाब देने को मजबूर होंगे

रूस ने OSCE की बैठक में पश्चिमी देशों की युद्ध की चर्चा को किया खारिज, कहा - मॉस्को से किसी देश को कोई खतरा नहीं, यूरोप से बातचीत फिर शुरू करने को तैयार।
रूस का यूरोप पर हमले का कोई इरादा नहीं, कहा- हम पर हमला हुआ तो जवाब देने को मजबूर होंगे
फाइल फोटो।

मॉस्को/वियाना। रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने कहा कि रूस का यूरोपीय देशों पर हमला करने का कोई इरादा या योजना नहीं है और ऐसा करने का कोई कारण भी नहीं है। उन्होंने मॉस्को और यूरोप के बीच संभावित सैन्य संघर्ष को लेकर पश्चिमी देशों में हो रही चर्चाओं को खारिज कर दिया। 'ऑर्गेनाइजेशन फॉर सिक्योरिटी एंड कोऑपरेशन इन यूरोप' (OSCE) के तत्वावधान में आयोजित "यूरोप का सैन्यीकरण: आगे क्या" विषय पर एक गोलमेज चर्चा में बोलते हुए रयाबकोव ने कहा कि पश्चिमी देश सैन्य टकराव की संभावना पर इस तरह चर्चा कर रहे हैं, मानो यह पहले से तय और अपरिहार्य हो। रूसी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी एक बयान के अनुसार, रयाबकोव ने कहा कि मॉस्को से किसी भी देश को कोई खतरा नहीं है और निकट, मध्यम या दीर्घकालिक भविष्य में किसी पर भी हमला करने की उसकी कोई योजना नहीं है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रूस पर कोई आक्रामकता दिखाई जाती है तो उसे जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

यह भी पढ़े: यूक्रेन को मिलेंगी 500 PAC-3 मिसाइलें, यूरोप के देश चुकाएंगे कीमत, अमेरिका ने 2.1 अरब डॉलर की डिफेंस डील को दी मंजूरी

रूस-यूक्रेन वार्ता फिर से शुरू होने वाली है

रियाबकोव की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब रूसी और यूक्रेनी अधिकारी अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में दो दिवसीय बातचीत की तैयारी कर रहे हैं। फरवरी के बाद से यह उनकी पहली बातचीत होगी। फ्रांस, जर्मनी और यूरोपीय आयोग सहित यूरोपीय शक्तियों के भी अपने अधिकारी आयोजन में भेजने की उम्मीद थी। हालांकि, रूस ने इन वार्ताओं में उनकी भागीदारी का विरोध किया है। इधर, यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख रुस्तम उमेरोव ने सोमवार को कहा कि कीव यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है कि यूरोप इस राजनयिक प्रक्रिया का हिस्सा बना रहे।

रूस ने यूरोपीय देशों के साथ बातचीत का आह्वान किया

रयाबकोव ने कुछ यूरोपीय सरकारों पर यह आरोप भी लगाया कि वे रूस-यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने के लिए वास्तव में गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों के जायज हितों को ध्यान में रखते हुए इस संघर्ष को सुलझाया जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को उचित समाधानों को छोड़कर युद्ध का रास्ता चुनने के लिए उकसाया। मॉस्को और यूरोपीय राजधानियों के बीच संबंधों के भविष्य पर रयाबकोव ने कहा कि रूस को विश्वास है कि यूरोपीय देश देर-सवेर समानता, अविभाज्य सुरक्षा, व्यावहारिकता और एक-दूसरे के हितों का सम्मान करते हुए बातचीत फिर से शुरू करने के लिए तैयार हो जाएंगे।

यूरोप के पास रूस से टकराव के अलावा कोई विजन नहीं

सैन्य सुरक्षा और हथियार नियंत्रण पर वियना वार्ता में रूसी प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख यूलिया झदानोवा ने कहा कि यूरोपीय देशों ने अपनी जनता को भविष्य का कोई ऐसा विजन नहीं दिया है, जो इस धारणा से अलग हो कि रूस के साथ संघर्ष होना तय है। उन्होंने नाटो की "एस्केलेशन मैनेजमेंट" (तनाव बढ़ने की स्थिति को नियंत्रित करने) की अवधारणा की भी आलोचना की और इसे नुकसानदेह बताया। झदानोवा ने कहा कि यह मानना एक गलती है कि नाटो और रूस के बीच बढ़ते तनाव को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने तर्क दिया कि इस दृष्टिकोण से नाटो और यूरोपीय संघ को सैन्य जोखिम कम करने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना तरीके से काम करने का बढ़ावा मिलता है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts