Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ट्रंप ने एन्वीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग का किया बचाव, कहा – मुझे याद नहीं जेन्सेन के जासूस से संबंध का कोई मेमो पढ़ने में आया हो

रुबियो के मेमो पर ट्रंप बोले - मुझे याद नहीं, FBI कर रही है जांच, हुआंग ने कहा था मुझे नहीं पता था वो जासूस है
ट्रंप ने एन्वीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग का किया बचाव, कहा – मुझे याद नहीं जेन्सेन के जासूस से संबंध का कोई मेमो पढ़ने में आया हो
जेन्सेन हुआंग और डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें याद नहीं कि ऐसा कोई मेमो पढ़ने आया हो जिसमें सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो ने एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेन्सेन हुआंग के एक चीनी जासूस के साथ संबंधों की ओर इशारा किया था। ट्रंप ने कहा कि हो सकता है कि उन्हें इस खुफिया चेतावनी के बारे में बताया गया हो। लेकिन, इसका उन पर कोई खास असर नहीं पड़ा। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा- मैं खुफिया विभाग के लोगों से जरूर पूछूंगा। हो सकता है कि इसका जिक्र किया गया हो। लेकिन सच कहूं तो इसका मुझ पर कोई खास असर नहीं पड़ा। 

 अब तक क्या-क्या कहा ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग को लेकर

  • ट्रंप ने कहा कि उन्होंने खुद जेन्सेन हुआंग से बात की और पूछा था तो जेनसेन ने कहा कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह जासूस है।
  • डोनाल्ड ट्रंप बोले- उन्हें पता है कि एफबीआई (FBI) इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन उन्हें लगता है कि हुआंग सुरक्षित रहेंगे।
  •  जरूरत पड़ी तो वह अपने अगले एशिया दौरे पर जेन्सेन हुआंग को अपने साथ ले जाने के लिए तैयार हैं।
  • जेन्सेन हुआंग की तारीफ करते हुए यह भी कहा कि उनकी चिप तकनीक चीन से 10 साल आगे है।
  • ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग को एक सज्जन और बेहतरीन व्यक्ति बताया और कहा कि उन्होंने देश के लिए अद्भुत काम किया है।
  •  यह भी कहा कि जेन्सेन हुआंग को एनवीडिया के प्रमुख के रूप में बने रहना चाहिए और उन्हें पद नहीं छोड़ना चाहिए।

हुआंग के संबंध में रुबियो ने दी थी चेतावनी

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक मई में ट्रंप की बीजिंग यात्रा से पहले जारी किए गए एक मेमो में रुबियो ने जेन्सेन हुआंग के एक चीनी एजेंट से संबंध होने की तरफ इशारा किया था। यह नया खुलासा 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक पुरानी रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि करीब एक साल पहले ट्रंप को बताया गया था कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने एलिस हुआंग की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी की थी। उन पर बीजिंग के लिए जासूसी करने का शक था। वहीं, इस खुलासे के बाद अब यह सवाल खड़ा हो रहा है कि अमेरिकी प्रशासन को इस संबंध की जानकारी कब मिली थी और उसने इस पर क्या कदम उठाने पर विचार किया था।

जेन्सेन की बात पर पूरा यकीन है: ट्रंप

जेन्सेन हुआंग  पर आरोपों के बावजूद  ट्रंप ने एनवीडिया प्रमुख का बचाव किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद जेन्सेन से एलिस के साथ उनके संबंधों के बारे में सवाल पूछा था। ट्रंप ने बताया- उन्होंने कहा था मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि वह एक जासूस है। ट्रंप ने आगे कहा कि उन्हें जेन्सेन की बात पर पूरा यकीन है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि FBI की जांच के बाद भी हुआंग सुरक्षित स्थिति में रहेंगे। ट्रंप ने कहा कि उन्हें पता है कि FBI किसी और मामले के सिलसिले में इसकी जांच कर रही है। इससे पहले भी ट्रंप ने इस टेक एग्जीक्यूटिव पर भरोसा जताते हुए उन्हें एक सम्माननीय व्यक्ति बताया था। वहीं, जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें इस बात का पछतावा है कि उन्होंने इन आरोपों पर पहले कोई कदम नहीं उठाया, तो राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts