Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

तुर्की के स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट, 16 लोगों की मौत, 13 घायल

तुर्की के इजमिर प्रांत के अलियागा इलाके में स्थित हाबास स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। हादसे में 16 लोगों की मौत और 13 लोग घायल हुए हैं। बॉयलर बदलने के दौरान क्रेन भट्ठी में गिरने से धमाका होने की आशंका है। राष्ट्रपति एर्दोगन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
तुर्की के स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट, 16 लोगों की मौत, 13 घायल
बॉयलर बदलते समय हुआ बड़ा हादसा, स्टील प्लांट में विस्फोट से 16 की गई जान

तुर्की में एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। देश के पश्चिमी हिस्से में स्थित इजमिर प्रांत के एक स्टील प्लांट में जोरदार विस्फोट के बाद आग लग गई। इस हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर है। घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। वहीं, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने हादसे की न्यायिक और प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं।

हाबास स्टील प्लांट में कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा इजमिर प्रांत के अलियागा इलाके में स्थित हाबास आयरन एंड स्टील प्लांट में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 11 बजकर 46 मिनट पर प्लांट में विस्फोट हुआ। उस समय वहां बॉयलर बदलने का काम चल रहा था। इजमिर के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि काम के दौरान एक बड़ी क्रेन भट्ठी में गिर गई। इसकी वजह से भट्ठी में मौजूद सामान नीचे गिरा और विस्फोट हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में गैस पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हुई थी। विस्फोट के बाद प्लांट में आग लग गई और आसपास के इलाके में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया।

200 कर्मचारी थे प्लांट में मौजूद

बॉयलर बदलने के काम की वजह से प्लांट में उत्पादन पहले से बंद था। इसी कारण हादसे के समय वहां सामान्य दिनों के मुकाबले कम कर्मचारी मौजूद थे। आमतौर पर इस प्लांट में करीब 300 कर्मचारी रहते हैं, जबकि घटना के समय आसपास लगभग 200 कर्मचारी मौजूद थे। हादसे के बाद दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर है। शुरुआती घंटों में मलबे के नीचे लोगों के फंसे होने की आशंका भी जताई गई थी।

एर्दोगन ने दिए जांच के आदेश

तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने कैबिनेट बैठक के बाद टीवी पर देश को संबोधित करते हुए इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हादसे की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विस्फोट किन कारणों से हुआ और क्या किसी की लापरवाही इसकी वजह बनी। एर्दोगन के मुताबिक, हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन किया गया था या नहीं। मामले की जांच के लिए चार सरकारी अभियोजकों को भी नियुक्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात भी कही गई है।

1987 में हुई थी हाबास प्लांट की शुरुआत

कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, हाबास स्टील प्लांट की स्थापना साल 1987 में हुई थी। यह तुर्की के प्रमुख स्टील उत्पादकों में शामिल है। कंपनी के मुताबिक, इस प्लांट में हर साल करीब 45 लाख टन स्टील बनाने की क्षमता है। फिलहाल हादसे की असली वजह और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच जारी है। अधिकारियों की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि क्रेन गिरने और विस्फोट के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका थी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts