Pete Hegseth ने किया ट्रंप के Iran Operation Epic Fury का बचाव, बोले- जरूरी था, महाभियोग की मांग को किया खारिज

वॉशिंगटन। अपने खिलाफ महाभियोग की बढ़ती मांग के बीच अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने ईरान के खिलाफ 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सैन्य अभियान का बचाव किया। उन्होंने इसे जरूरी बताया, भले ही मध्यावधि चुनावों में मिली हार के बाद इसको लेकर सवाल उठ रहे हों। उन्होंने महाभियोग की चिंताओं को भी खारिज कर दिया और रिपब्लिकन सांसदों से एक बड़े सैन्य फंडिंग पैकेज को मंजूरी देने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें: रोसस्टैट हैक से खुलासा- यूक्रेन युद्ध में रूस के 3.94 लाख से 4.50 लाख लोगों की मौत का दावा
ईरान पर फिर हो सकती है कार्रवाई
नेवल वॉर कॉलेज में मीडिया से बात करने से पहले, हेगसेथ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस रुख का समर्थन किया कि वे ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई कर सकते हैं। युद्ध सचिव ने कहा-यह जरूरी हो सकता है, भले ही यह लोगों के बीच लोकप्रिय न हो। उनकी यह टिप्पणी तब आई जब एक रिपोर्टर ने सोशल मीडिया की एक पोस्ट का जिक्र किया।उस पोस्ट में कथित तौर पर उपराष्ट्रपति ने कहा था कि चुनाव विश्लेषकों के अनुसार मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार का मुख्य कारण ईरान के साथ युद्ध था। हालांकि हेगसेथ ने किसी पर दोष मढ़ने से इनकार कर दिया, लेकिन यह भी स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने इस पोस्ट के बारे में उपराष्ट्रपति से कोई चर्चा की थी या नहीं। हेगसेथ ने कहा- मैं उपराष्ट्रपति का बहुत सम्मान करता हूं और मैं एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के इस खेल में नहीं पड़ना चाहता। हेगसेथ ने उपराष्ट्रपति को प्रशासन की टीम का एक महत्वपूर्ण सदस्य बताया और कहा कि अधिकारी आंतरिक रूप से खुलकर अपनी राय दे सकते हैं।
ईरान ने तैयार की मिसाइल शील्ड
हेगसेथ ने आरोप लगाया कि तेहरान ने अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं को रोकने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में बाधा डालने के लिए एक पारंपरिक मिसाइल शील्ड विकसित कर ली है। उन्होंने इसके जवाब में प्रशासन द्वारा उठाए गए निर्णायक कदमों के तौर पर 'ऑपरेशन मिडनाइट हैमर' और 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' का जिक्र किया। जब उनसे पूछा गया कि क्या उस हफ्ते उनके खिलाफ महाभियोग के प्रस्तावों को खारिज करने के लिए रिपब्लिकनों के पास पर्याप्त समर्थन है तो हेगसेथ ने इस पर भरोसा जताया। लेकिन, उन्होंने वोटों की कोई सटीक संख्या बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा- हमें इसकी कोई चिंता नहीं है। इससे पहले हेगसेथ ने खुद को हटाए जाने की मांगों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया था।
अमेरिकी सैनिकों की उपलब्धियों को कम किया
हेग्सेथ ने अपने आलोचकों पर आरोप लगाया कि वे सफल सैन्य अभियानों और अमेरिकी सैनिकों की उपलब्धियों को कमतर आंकने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ट्रंप प्रशासन को इस बात का श्रेय भी दिया कि उसने यूरोपीय सहयोगियों से अधिक वित्तीय योगदान हासिल किया। लैटिन अमेरिकी कार्टेल के खिलाफ संयुक्त अभियानों का विस्तार किया और प्रशांत क्षेत्र में साझेदारियों को मजबूत किया। हालांकि हेगसेथ ने उन शर्तों के बारे में बताने से इनकार कर दिया, जिनके तहत ईरान के साथ युद्ध औपचारिक रूप से समाप्त हो सकता है। लेकिन उन्होंने कहा कि ट्रंप के पास अभी भी रणनीतिक बढ़त बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के पास सैन्य अभियानों को रोकने का विकल्प मौजूद है, साथ ही उन्होंने तेहरान को परमाणु सामग्री स्थानांतरित करने के खिलाफ चेतावनी भी दी।
ट्रंप ने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ का समर्थन किया
महाभियोग के खतरे के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हेगसेथ का समर्थन किया है। वहीं, रिपब्लिकन प्रतिनिधि थॉमस मैसी, ईरान युद्ध और अन्य सैन्य अभियानों को संभालने के तरीके को लेकर पेंटागन प्रमुख के खिलाफ महाभियोग चलाने के लिए हाउस (सदन) में वोटिंग की मांग कर रहे हैं। व्हाइट हाउस ब्रीफिंग रूम में अचानक पहुंचे ट्रंप ने मैसी पर निशाना साधा। इससे कुछ घंटे पहले ही केंटकी के रिपब्लिकन नेता मैसी ने हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के आठ आरोप पेश किए थे और उन्हें सदन में पढ़कर सुनाया था। ट्रंप ने कहा- मैसी एक लूजर (असफल व्यक्ति) हैं। उन्हें कांग्रेस या सीनेट का समय बर्बाद नहीं करना चाहिए और न ही ऐसा कुछ करना चाहिए जो वह अभी कर रहे हैं। राष्ट्रपति ने मैसी को पूरी तरह से लूजर करार दिया और कहा कि अगर सदन हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के लिए वोट भी करता है तब भी वह हेगसेथ के साथ खड़े रहेंगे। ट्रंप ने कहा- उन्होंने दो युद्ध जीते हैं। ट्रंप ने कहा कि हेगसेथ ने वेनेजुएला और ईरान में सफल सैन्य अभियानों की कमान संभाली थी। वेनेजुएला में अमेरिकी अभियान के चलते जनवरी में पूर्व नेता निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया था, जबकि ईरान के साथ संघर्ष अभी भी जारी है।




















