पटना:तेज प्रताप यादव गिरफ्तार, छात्र आंदोलन में शामिल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने उन्हें सिटी सेंटर मॉल के पास से अपने कब्जे में लिया और सबसे पहले दानापुर थाना ले जाया गया। बाद में समर्थकों और मीडिया कर्मियों के वहां पहुंचने की सूचना मिलने पर उन्हें दूसरे थाने में शिफ्ट कर दिया गया।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
तेज प्रताप यादव को हिरासत में लेने के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्रवाई की निगरानी एसपी लॉ एंड ऑर्डर, टीएसपी पश्चिमी संकेत कुमार और एएसपी कोमल मीणा की टीम ने की। इसके अलावा आधा दर्जन थानों की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। सूत्रों के अनुसार उन्हें एक थाने से दूसरे थाने ले जाया जाता रहा ताकि समर्थकों की भीड़ न जुट सके।
सुबह छात्र आंदोलन में हुए थे शामिल
हिरासत में लिए जाने से कुछ घंटे पहले तेज प्रताप यादव छात्रों के आंदोलन में शामिल हुए थे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए उनकी मांगों को जायज बताया। आंदोलन में शामिल होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा संदेश भी साझा किया, जिसमें छात्रों के पक्ष में आवाज उठाई गई।
अभिजीत दीपके को बिहार आने का दिया था न्योता
तेज प्रताप यादव ने छात्र आंदोलन से जुड़े प्रमुख चेहरों में शामिल अभिजीत दीपके को भी बिहार आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने कहा था कि बिहार के युवाओं की आवाज को मजबूत करने के लिए अभिजीत दीपके को राज्य आकर छात्रों के बीच संवाद करना चाहिए। माना जा रहा है कि इसी बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्मा गया।
ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बड़ा फैसला, प्रह्लाद जोशी को मिला शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार
हिरासत की वजह पर आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल पुलिस की ओर से तेज प्रताप यादव को हिरासत में लेने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, उनके समर्थक इसे राजनीतिक कार्रवाई बता रहे हैं। मामले को लेकर बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है और विपक्षी दल भी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।












